बेवफाई के शक ने प्रेमी को बनाया हत्यारा: 1365 किलोमीटर दूर से आकर बॉयफ्रेंड ने मक्के के खेत में सुशुम को मारी गोली

बेवफाई के शक ने प्रेमी को बनाया हत्यारा: 1365 किलोमीटर दूर से आकर बॉयफ्रेंड ने मक्के के खेत में सुशुम को मारी गोली
X


सहरसा (बिहार)। सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र में 8 मार्च को हुई 20 वर्षीय सुशुम कुमारी की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। सुशुम की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके छह साल पुराने प्रेमी भूपेन कुमार (22) ने की थी। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में रोंगटे खड़े कर देने वाला कबूलनामा किया है।

6 साल का प्रेम प्रसंग और शादी के बाद की दूरियां

भूपेन और सुशुम पिछले छह वर्षों से एक-दूसरे के प्यार में थे। हालांकि, 2024 में सुशुम के पिता ने उसकी शादी सोनबरसा के राकेश कुमार से कर दी। शादी के बाद सुशुम ससुराल चली गई और भूपेन काम के सिलसिले में 1365 किलोमीटर दूर हिमाचल प्रदेश चला गया। इसके बावजूद दोनों फोन पर संपर्क में थे। कुछ महीनों बाद पति से अनबन और मारपीट के कारण सुशुम अगस्त 2024 में हमेशा के लिए अपने मायके कोपड़िया लौट आई और फिर से भूपेन के करीब आ गई।

शक की आग में जला प्रेमी: हिमाचल से आकर शुरू की जासूसी

भूपेन को पिछले कुछ समय से शक होने लगा था कि सुशुम उसे धोखा दे रही है। सुशुम का फोन अक्सर व्यस्त रहता था और वह भूपेन को नजरअंदाज करने लगी थी। इसी शक के चलते भूपेन 4 फरवरी को हिमाचल से चुपके से गांव लौटा और सुशुम की जासूसी करने लगा।

खेत में प्रेमी को देख भड़का गुस्सा, गर्दन पर सटाकर मारी गोली

8 मार्च की दोपहर सुशुम जब चारा लाने मक्के के खेत में गई, तो भूपेन कट्टा लेकर उसके पीछे पहुंच गया। भूपेन ने पुलिस को बताया, "मैंने देखा कि वह फोन पर किसी से हंस-हंसकर प्यार भरी बातें कर रही थी। मैंने उससे शादी के लिए पूछा तो उसने साफ मना कर दिया और कहा कि वह अब मेरे साथ नहीं रह सकती। यह सुनकर मैंने आपा खो दिया और उसकी गर्दन पर पिस्तौल सटाकर गोली मार दी।"

तकनीकी जांच से पकड़ा गया कातिल

हत्या के बाद भूपेन गांव में ही सामान्य बनकर रह रहा था ताकि शक न हो। लेकिन डीएसपी मुकेश कुमार ठाकुर के नेतृत्व में जब पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और लोकेशन डेटा खंगाला, तो सुई भूपेन पर जाकर टिक गई। कड़ी पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Next Story