पश्चिम एशिया में तनाव: पीएम मोदी ने बहरीन के किंग और सऊदी क्राउन प्रिंस से की बात, भारतीयों की सुरक्षा पर जताई चिंता

पश्चिम एशिया में तनाव: पीएम मोदी ने बहरीन के किंग और सऊदी क्राउन प्रिंस से की बात, भारतीयों की सुरक्षा पर जताई चिंता
X

नई दिल्ली/ पश्चिम एशिया में गहराते युद्ध के बादलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बड़ी कूटनीतिक पहल की है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, पीएम मोदी ने आज बहरीन के किंग हमाद बिन ईसा अल खलीफा और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान अल सऊद से टेलीफोन पर अहम वार्ता की। इस चर्चा का मुख्य केंद्र ईरान और इस्राइल के बीच बढ़ता टकराव और क्षेत्र की मौजूदा अस्थिरता रही।

खाड़ी देशों में रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा सर्वोपरि

प्रधानमंत्री मोदी ने बहरीन और सऊदी अरब में हाल ही में हुए हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की। बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने इन खाड़ी देशों में रह रहे लाखों भारतीय समुदाय के लोगों की सुरक्षा को लेकर अपनी गहरी चिंता व्यक्त की। दोनों देशों के राष्ट्रध्यक्षों ने भारतीयों की सुरक्षा का भरोसा दिलाया और क्षेत्रीय शांति बहाली के प्रयासों पर चर्चा की।

सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) की बड़ी बैठक

पश्चिम एशिया की विस्फोटक स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री ने दिल्ली में सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की उच्च स्तरीय बैठक बुलाई। इस बैठक में विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और एनएसए अजीत डोभाल मौजूद रहे। बैठक में खाड़ी देशों में बमबारी के बाद उपजे तनाव और भारत पर इसके संभावित आर्थिक व रणनीतिक प्रभाव की समीक्षा की गई।

कनाडा के साथ भी कूटनीतिक चर्चा

भारत न केवल खाड़ी देशों बल्कि वैश्विक स्तर पर भी इस मुद्दे पर सक्रिय है। प्रधानमंत्री ने कनाडाई समकक्ष कार्नी के साथ भी पश्चिम एशिया के हालात पर चर्चा की। भारत लगातार तनाव कम करने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने पर जोर दे रहा है, ताकि वैश्विक शांति और तेल आपूर्ति बाधित न हो।

Tags

Next Story