पसरा मातम: डोली के कुछ देर बाद उठी दुल्हन की अर्थी

दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के दलदली गांव के पास बुधवार की देर रात सड़क दुर्घटना में शादी के बाद ससुराल जा रही दुल्हन और शादी कराने वाले एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।
घायलों का फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने दोनों शव को स्वजन के सुपुर्द कर दिया।
बुधवार की दोपहर शिकारीपाड़ा के नव पहाड़ गांव की चूमकई हांसदा की शादी पाकुड़ जिला के पाकुड़िया थाना के बबूईझूटी निवासी निर्मल मुर्मू के साथ हुई थी। शाम में शादी के बाद पार्टी भी हुई।
गुरुवार को बेटी की विदाई नहीं होती है, इसलिए बुधवार की देर रात दुल्हन को ससुराल के लिए विदा कर दिया गया। चार बाइक से दुल्हन सहित आठ लोग बबूईझूटी के लिए रवाना हुए, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
दलदली के पास पत्थर लोड ट्रक से एक पत्थर का टुकड़ा बाइक सवार व्यक्ति के शरीर पर गिर गया, जिससे वह घायल हो गया। चारों बाइक चालक सड़क किनारे बाइक रोककर घायल का हाल चाल लेने लगे। इसी दौरान एक खाली ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
इस घटना में डुनुस सोरेन नामक व्यक्ति की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि दुल्हन सहित घायल पांच लोगों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, इलाज के दौरान दुल्हन की मौत हो गई।
गंभीर रूप घायल एक व्यक्ति को हायर सेंटर रेफर किया गया है जबकि बाकी तीन घायलों का इलाज चल रहा है। मौत की सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और स्वजन का बयान दर्ज कर दोनों शव का पोस्टमार्टम कराया।