देश में जवाबदेही का संकट, आम जनता की जिंदगी बनती जा रही है नर्क: राहुल गांधी

देश में जवाबदेही का संकट, आम जनता की जिंदगी बनती जा रही है नर्क: राहुल गांधी
X

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि देश भर में लालच की महामारी फैल चुकी है और इसका सबसे भयावह रूप शहरी बदहाली के रूप में सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि सत्ता और बड़े कॉरपोरेट घरानों के बीच सांठगांठ ने लोकतंत्र की मूल भावना को कमजोर कर दिया है। लोकतंत्र तभी मजबूत हो सकता है जब आम लोग सवाल पूछें और सरकार से जवाबदेही की मांग करें।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के जरिए यह बात कही। उन्होंने दिल्ली के मुबारकपुर डाबस स्थित शर्मा एन्क्लेव का एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें सीवर ओवरफ्लो होने से सड़कों पर फैले गंदे पानी और बदहाल हालात को दिखाया गया है। राहुल ने कहा कि आज देश के करोड़ों आम लोगों की जिंदगी इसी तरह नर्क जैसी बन चुकी है। सिस्टम सत्ता में बैठे लोगों के हाथ बिक चुका है, जहां सभी एक-दूसरे की पीठ थपथपाते हैं और मिलकर जनता को कुचलते हैं।

उन्होंने कहा कि शहरी सड़ांध लालच की इस महामारी का सबसे डरावना चेहरा है। समाज इसलिए मर रहा है क्योंकि लोगों ने इस हालात को नया सामान्य मान लिया है और चुपचाप सब सह रहे हैं। अगर अब भी जवाबदेही की मांग नहीं की गई तो यह सड़ांध हर दरवाजे तक पहुंच जाएगी।

राहुल गांधी ने अपने संदेश में जवाबदेही के अभाव पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में हालात ऐसे हो गए हैं जहां जिम्मेदारी तय करने की कोई व्यवस्था नहीं बची है। कुछ दिन पहले नोएडा में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत का जिक्र करते हुए भी उन्होंने इसी मुद्दे को उठाया था।

उन्होंने बताया था कि 27 वर्षीय युवराज मेहता, जो गुरुग्राम में काम करता था, 16 जनवरी की रात घर लौटते समय एक निर्माणाधीन स्थल के पास पानी से भरे गड्ढे में कार गिरने से हादसे का शिकार हो गया। बताया गया कि वह करीब दो घंटे तक मदद के लिए गुहार लगाता रहा, लेकिन समय पर सहायता नहीं मिल पाई और उसकी जान चली गई। राहुल के अनुसार यह घटना लालच की संस्कृति और इंसानी संवेदनहीनता का सीधा परिणाम है।

इस बीच राहुल गांधी ने हरियाणा का भी दौरा किया। कुरुक्षेत्र में उन्होंने हरियाणा और उत्तराखंड के जिला अध्यक्षों से मुलाकात की और गांव गांव जाकर लोगों को जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह देश से मुगल और ब्रिटिश शासन खत्म हुआ, उसी तरह एक दिन भाजपा की सरकार भी चली जाएगी।

Next Story