ऊना में दर्दनाक हादसा कार खाई में गिरी एक महिला समेत आठ लोग घायल

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के हरोली उपमंडल के हीरा थड़ा क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे वाहन में सवार एक महिला समेत आठ लोग घायल हो गए। घायलों में से सात नेस्ले कंपनी टाहलीवाल के कर्मचारी बताए जा रहे हैं।
हादसे में घायल आठ लोगों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दुलैहड़ अस्पताल से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया। अन्य घायलों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण घना कोहरा और वाहन की तेज रफ्तार सामने आई है। धुंध के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार खाई में जा गिरी।
घायलों की पहचान पूबोवाल निवासी बलजिंद्र सिंह और इकबाल सिंह, गोंदपुर निवासी हर्ष, कुठार निवासी गुलशन और अंकुश, दुलैहड़ निवासी उमेश, पलक तथा वाहन चालक रमन के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घायलों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
