कत्लकांड का खुलासा: नाबालिग की हत्या के आरोप में दो गिरफ्तार, पुराने विवाद का बदला लेने के लिए रची थी खौफनाक साजिश

नई दिल्ली । दिल्ली पुलिस ने आदर्श नगर इलाके में एक नाबालिग की जली हुई लाश मिलने के मामले को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आजादपुर निवासी गौरव उर्फ कालिया और लाल बाग निवासी विनय के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद कर ली है। पूछताछ में सामने आया है कि पुराने विवाद का बदला लेने के लिए गौरव ने नाबालिग की हत्या की यह पूरी साजिश रची थी।

पार्क मेट्रो स्टेशन के पास मिली थी जली हुई लाश

एडिशनल सीपी भीष्म सिंह ने बताया कि 12 फरवरी की सुबह करीब 8:30 बजे आदर्श नगर थाना पुलिस को पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना मिली कि पार्क मेट्रो स्टेशन के पास एक नाबालिग की जली हुई लाश पड़ी है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू की, तो पता चला कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है।

मृतक भी हत्या के मामले में रह चुका था शामिल

शव की पहचान विष्णु निवासी जेलर वाला बाग, अशोक विहार के रूप में हुई। 16 फरवरी को मृतक की बहन रोशनी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका भाई विष्णु अगस्त 2025 में दीपक नाम के व्यक्ति की हत्या के मामले में शामिल था, जिसके कारण उसे जुवेनाइल होम भेजा गया था। 31 जनवरी को वह जमानत पर रिहा हुआ था। रोशनी के अनुसार, विष्णु पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रहा था और उसने बताया था कि आजादपुर निवासी गौरव उर्फ कालिया और उसके साथी उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। 11 फरवरी को विष्णु घर से निकला और वापस नहीं आया, उसका मोबाइल फोन भी बंद था।

पूछताछ में कबूला जुर्म, स्कूटी बरामद

पुलिस ने जांच के आधार पर 17 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर आरोपी विनय को गिरफ्तार किया। उसके पास से घटना में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की गई। पूछताछ के दौरान विनय ने कबूला कि उसने गौरव उर्फ कालिया के साथ मिलकर विष्णु की हत्या की थी, जिसके बाद पुलिस ने गौरव को भी गिरफ्तार कर लिया।

बदला लेने और खुद पर खतरे के डर से की हत्या

दरअसल, गौरव मृतक दीपक का पड़ोसी था और उसे अपने चाचा की तरह मानता था। 11 फरवरी की रात जब ये सब साथ में शराब पी रहे थे, तब विष्णु ने न सिर्फ दीपक की हत्या की बात कबूल की, बल्कि नशे में गौरव को भी जान से मारने की धमकी दे डाली। अपने चाचा की मौत का बदला लेने और खुद पर आए खतरे को देखते हुए गौरव ने विनय के साथ मिलकर खौफनाक साजिश रची। प्लान के मुताबिक, दोनों ने पत्थर से सिर पर ताबड़तोड़ वार करके विष्णु की जान ले ली। इसके बाद जुर्म के निशान मिटाने के लिए उन्होंने लाश पर पेट्रोल छिड़का और उसे आग के हवाले कर दिया।

Next Story