पिता ने 12 वर्षीय बेटे की कर दी हत्या, बक्से में बंद मिला मासूम का शव

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के मक्खनपुर थाना क्षेत्र से सामने आई दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। जिजौली मोहल्ले में एक पिता पर अपने ही 12 वर्षीय बेटे मयंक राजपूत की बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगा है। बच्चे का शव घर के स्टोर रूम में रखे एक बक्से के भीतर बंद मिला, जिस पर ताला लगा हुआ था।
घटना उस समय सामने आई जब मयंक की मां उर्मिला देवी, जो एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं, दोपहर करीब तीन बजे घर लौटीं। घर में घुसते ही उन्होंने फर्श, दीवारों और रसोई में खून फैला देखा। जगह जगह संघर्ष के निशान थे। बेटे को आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे तक घर की तलाशी ली। इसी दौरान स्टोर रूम में रखे एक बड़े बक्से पर शक हुआ। जब ताला खोलकर बक्सा खोला गया तो अंदर मयंक का खून से लथपथ शव मिला। इस दृश्य को देखकर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए फर्श साफ करने और बक्से को धोने की कोशिश भी की थी, ताकि खून के निशान मिटाए जा सकें।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार में लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस को आशंका है कि इसी तनाव के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। उर्मिला देवी ने बताया कि उनके पति राजेश कुमार राजपूत का व्यवहार पिछले कुछ समय से आक्रामक होता जा रहा था और घर का माहौल खराब था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
