पूर्व लिव-इन पार्टनर को पति और रिश्तेदारों के साथ मिलकर जिंदा जलाने की कोशिश, पेट्रोल डालकर लगाई आग

पूर्व लिव-इन पार्टनर को पति और रिश्तेदारों के साथ मिलकर जिंदा जलाने की कोशिश, पेट्रोल डालकर लगाई आग
X

आगरा । उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से रूह कंपा देने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ शाहगंज थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पूर्व लिव-इन पार्टनर को अपने वर्तमान पति और अन्य रिश्तेदारों के साथ मिलकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। गंभीर रूप से झुलसे युवक का फिलहाल अस्पताल में उपचार जारी है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने इस मामले में पांच नामजद सहित आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

ऑटो रोककर सुनसान जगह ले गए आरोपी

घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। राम स्वरूप कॉलोनी निवासी चांद उर्फ सद्दाम (35) अपना ऑटो चलाकर घर लौट रहा था। आरोप है कि दौरेठा क्षेत्र के पास उसकी पूर्व लिव-इन पार्टनर शबनम ने अपने पति सोनू खान उर्फ अल्ली, भाई वकील, सास नगीना, जीजा शरीफ और तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर उसे रास्ते में रोक लिया। आरोपी उसे खींचकर एक सुनसान जगह पर ले गए और वहां उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। चीख-पुकार सुनकर दौड़े राहगीरों ने किसी तरह आग बुझाई और उसे अस्पताल पहुँचाया।

फोटो-वीडियो डिलीट करने को लेकर था विवाद

पीड़ित की बहन निशा के अनुसार, शबनम के पहले पति की मौत के बाद वह चांद के साथ लिव-इन में रहने लगी थी। करीब 15 दिन पहले ही शबनम ने अपने देवर सोनू खान से निकाह कर लिया। इसके बाद से ही वह चांद पर पुराने फोटो और वीडियो डिलीट करने का दबाव बना रही थी। शबनम को डर था कि चांद उसके निजी फोटो वायरल कर सकता है। इसी विवाद ने तूल पकड़ा और शबनम ने अपने नए ससुराल वालों के साथ मिलकर जानलेवा हमले की साजिश रच डाली।

पुलिस की कार्रवाई जारी

शाहगंज थाना पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि वारदात के पीछे के सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके।

Next Story