रामलीला मैदान में वोट चोर गद्दी छोड़ो महारैली, राहुल गांधी का मोदी-शाह पर तीखा हमला

रामलीला मैदान में वोट चोर गद्दी छोड़ो महारैली, राहुल गांधी का मोदी-शाह पर तीखा हमला
X

नई दिल्ली| कांग्रेस ने राजधानी के रामलीला मैदान में आयोजित वोट चोर, गद्दी छोड़ो महारैली के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर राजनीतिक हमला बोला। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है और चुनावी प्रक्रिया में वोट चोरी के जरिए जनादेश को प्रभावित किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने एक सुर में कहा कि भाजपा सरकार वोट चोरी करके सत्ता में बैठी है और संविधान पर हमला कर रही है, लेकिन कांग्रेस पार्टी जनता के वोट और अधिकारों की रक्षा के लिए अंतिम दम तक लड़ती रहेगी। रैली में देश की जनता के हस्ताक्षर वाले पांच करोड़ से अधिक वोट चोरी के संबंध में हस्ताक्षर के वाले कागज बोरियों में भरकर मंच के आगे रखे गए।

'वोटर लिस्ट में की गईं बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां'

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने संबोधन में दावा किया कि भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित कर रही है और लाखों फर्जी व डुप्लीकेट वोटरों के जरिए चुनाव जीते जा रहे हैं। राहुल गांधी ने हरियाणा, महाराष्ट्र और कर्नाटक का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां की गईं। यहां हरियाणा से लोग आए हैं। इन्हें पता है कि इनका चुनाव चोरी कर लिया गया है। यूपी के नेता हरियाणा में जाकर वोट कर रहे थे।

'चुनाव आयोग से जुड़े कानूनों में बदलाव कर जवाबदेही करेंगे तय'

उन्होंने चुनाव आयोग के कुछ अधिकारियों के नाम लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने इन पर सवाल उठाए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने चेतावनी दी कि सत्ता में आने पर कांग्रेस चुनाव आयोग से जुड़े कानूनों में बदलाव कर जवाबदेही तय करेगी। राहुल गांधी ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ चुनाव जीतने की नहीं, बल्कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान और एक व्यक्ति, एक वोट के सिद्धांत की रक्षा की है।

'पूरे देश का होगा नुकसान'

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि आज की लड़ाई किसी एक नेता की नहीं, बल्कि देश के संविधान, वोट के अधिकार और आम जनता के भविष्य की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जिस संघर्ष को देश और जनता के लिए लड़ रहे हैं, उसे मजबूत करना हम सबकी जिम्मेदारी है। अगर इस विचारधारा को कमजोर किया गया तो नुकसान किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे देश का होगा। खड़गे ने आरएसएस और भाजपा की विचारधारा पर हमला करते हुए कहा कि यह संविधान को खत्म करने की दिशा में धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है और गरीबों को दोबारा गुलामी की ओर धकेलने की कोशिश है।

'भाजपा झूठा नैरेटिव गढ़ रही'

खड़गे ने कहा कि देश की आजादी कांग्रेस के संघर्ष से मिली है, न कि भाजपा नेताओं के प्रयास से देश आजाद हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता नेहरू और सरदार पटेल जैसे राष्ट्रनिर्माताओं के खिलाफ झूठा नैरेटिव गढ़ रहे हैं। साथ ही उन्होंने वोट चोरी को देशद्रोह करार देते हुए कहा कि जनता को ऐसे लोगों को सत्ता से हटाना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमारा वंदेमातरम् भी चोरी कर लिया।

'...तो भाजपा कभी सत्ता में नहीं लौट पाएगी'

उधर, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि भारत माता की आत्मा जनता में बसती है और संविधान ने हर नागरिक को वोट का अधिकार देकर लोकतंत्र को मजबूत किया। उन्होंने आरोप लगाया कि आज न्यायपालिका, मीडिया, संसद और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं पर दबाव बनाया जा रहा है। प्रियंका गांधी ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और महिलाओं की सुरक्षा पर चर्चा से सरकार बचती है और जनता का ध्यान भटकाने के लिए नए-नए विवाद खड़े किए जाते हैं। प्रियंका गांधी ने दावा किया कि अगर निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव हो, तो भाजपा कभी सत्ता में नहीं लौट पाएगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हजारों किलोमीटर की यात्रा न्याय, एकता और लोकतंत्र के लिए की है और कांग्रेस इस संघर्ष से पीछे नहीं हटेगी।

'भाजपा ने वोट की ताकत को कमजोर किया'

हिमाचल के सीएम सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि 77 साल पहले जब लोकतंत्र की स्थापना की गई थी और जब जनता को सबसे बड़ी ताकत वोट डालने की दी थी। कांग्रेस ने इस ताकत को हमेशा बचाए रखा, मगर भाजपा ने वोट की ताकत को ही कमजोर कर दिया। वहीं कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने कहा कि भाजपा ने संवैधानिक संस्थाओं को खोखला करने की राजनीति की है, मगर लेकिन यह अब ज्यादा दिन नहीं चलेगी। भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि देश को आजादी दिलाने और संविधान बनाने में कांग्रेस की बहुत अहम भूमिका है। लेकिन आज भाजपा ने लोकतंत्र का मजाक बना दिया है।

Tags

Next Story