श्रम विभाग से जुड़े विभिन्न बिन्दुओं पर हुई विस्तार से चर्चा

उदयपुर, । जिला बाल श्रम टास्क फोर्स, भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण टास्क फोर्स तथा जिला स्तरीय बंधक श्रमिक सतर्कता समिति की बैठक बुधवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) श्रीमती प्रभा गौतम की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
जिला बाल श्रम टास्क फोर्स की बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए एडीएम ने चेक पोस्टों के गठन की सूचना हेतु सभी उपखण्ड अधिकारियों को स्मरण पत्र जारी करने के निर्देश दिए। बाल श्रम टास्क फोर्स कमेटी के सदस्य ने सुखाडिया सर्कल, उदियापोल, हाथीपोल आदि स्थानों पर बहुत संख्या में बाल श्रमिक नियोजित होने की जानकारी दी जिस पर इन स्थानों पर संयुक्त तत्वाधान में टीम गठित कर कार्यवाही करने के निर्देश प्रदान किये गए। बैठक में एडीजे कुलदीप शर्मा ने बाल श्रम और बंधक श्रम के अधिनियमों की जानकारी दी और इनकी रोकथाम के लिए प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए।
भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण टास्क फोर्स की बैठक में संभागीय संयुक्त श्रम आयुक्त संकेत मोदी ने भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण उपकर अधिनियम, 1996 के तहत अब तक संग्रहित किये गए उपकर एवं अधिनियम की कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभान्वित किये गए श्रमिकों का विवरण प्रस्तुत किया। एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को उनके द्वारा कराये जा रहे निर्माण कार्या के संबंध में उपकर की स्त्रोत पर की गई कटौती की सूचना प्रत्येक माह की 5 तारीख निर्धारित प्रपत्र में श्रम विभाग को भिजवाने के निर्देश दिए ताकि उनसे संबंधित भवनों का अधिनियम के प्रावधानानुसार सर्वे/निरीक्षण किया जाकर विधिक प्रावधानों की पालना कराई जा सके तथा राज्य सरकार द्वारा निर्धारित उपकर के लक्ष्यों को प्राप्त करना संभव हो सके। चर्चा के दौरान उपकर राशि की सूचना हेतु गुगल शीट तैयार करने के भी निर्देश दिए। बंधक श्रमिक सतर्कता समिति की बैठक में जिले में उपखण्ड स्तरीय बंधक श्रमिक सतर्कता समितियों के गठन एवं उपखण्ड स्तर पर वर्ष में दो बार (जनवरी से जून तथा जुलाई से दिसम्बर) किये जाने वाले सर्वे की रिपोर्ट एवं उपखण्ड स्तरीय बंधक श्रमिक सतर्कता समितियों की बैठक का कार्यवाही विवरण तथा उनके समक्ष बंधक श्रम प्रतिषेध अधिनियम के तहत लंबित आपराधिक प्रकरणों की प्रगति सूचना अविलम्ब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। श्रम विभाग को उदयपुर जिले में बंधक श्रमिकों के सर्वे के संबंधित विभागों से संमन्वय स्थापित कर सर्वे कार्य पूर्ण कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया।
