अग्रवाल उत्सव भवन में भागवत कथा: 'राम से बड़ा राम का नाम', उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

भीलवाड़ा। रोडवेज बस स्टैंड के पास अग्रवाल उत्सव भवन में स्व. श्रीमती गीतादेवी तोषनीवाल चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के तीसरे दिन श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। व्यास पीठ से रामद्वारा चित्तौड़गढ़ के रामस्नेही संत दिग्विजय रामजी महाराज ने ध्रुव चरित्र, जड़भरत संवाद और प्रहलाद चरित्र के प्रसंगों का सजीव वर्णन किया।
महाराजश्री ने कहा कि कलयुग में प्रभु नाम का सुमिरन ही पापों से मुक्ति का एकमात्र मार्ग है। उन्होंने चेतावनी दी कि व्यक्ति अपनी दौलत तो जानता है, पर बचा हुआ समय नहीं, इसलिए हरि नाम के लिए कल का इंतजार न करें। उन्होंने सनातन एकता का संदेश देते हुए कहा, "जाति-पाति की करो विदाई, हम सब हिन्दू भाई-भाई।" उन्होंने नशा त्यागने और माता-पिता की सेवा करने की प्रेरणा दी।
संतों का मिला सानिध्य और भक्ति की बयार
कथा के तीसरे दिन महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन (हरिशेवा आश्रम), संकटमोचन हनुमान मंदिर के महंत बाबूगिरीजी महाराज और संत मनोरथरामजी महाराज का सानिध्य प्राप्त हुआ। तोषनीवाल परिवार द्वारा संतों का अभिनंदन किया गया। जब महाराजश्री ने भगवान चारभुजानाथ के भजन गाए, तो श्रद्धालु झूमने पर मजबूर हो गए। कथा स्थल पर सुबह 8 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक पंच कुण्डीय श्री विष्णु महायज्ञ भी जारी है।कथा के चौथे दिन, गुरुवार को श्री कृष्ण जन्म (नंदोत्सव) का प्रसंग सुनाया जाएगा। रात 8 बजे से भव्य नंद महोत्सव और रासलीला का आयोजन होगा।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
