अजीब संयोग,: इस बार सावन सोमवार से होगा शुरू और सोमवार को ही होगा समाप्त

हर किसी को सावन के महीने का बेसब्री से इंतजार होता है. इस महीने में भगवान शंकर जी की पूजा-आराधना सभी शिव भक्त बहुत ही लगन, सच्ची श्रद्धा भाव से करते हैं. भोलेनाथ की भक्ति में लीन रहते हैं. यह पूरा महीना भोलेनाथ को समर्पित होता है ।इस बार का सावन बेहद शुभ माना जा रहा है, क्योंकि इस दौरान कई अद्भुत संयोग का निर्माण हो रहा है। वहीं, इस बार का सावन इस वजह से और भी खास है, क्योंकि इसकी शुरुआत सोमवार से हो रही है और समापन भी सोमवार को होगा।
सावन का महीना दिन सोमवार, 22 जुलाई से शुरू होगा। वहीं, इसका समापन 19 अगस्त दिन सोमवार को रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर होगा। इसके साथ ही सावन माह के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि 21 जुलाई, 2024 दिन रविवार को दोपहर 03 बजकर 46 मिनट पर शुरू होगी। उदयातिथि को देखते हुए 22 जुलाई से सावन शुरू होगा।
अद्भुत संयोग
इस बार सावन के पहले सोमवार यानी 22 जुलाई को प्रात: से लेकर रात्रि 11 बजकर 40 मिनट तक सर्वार्थ सिद्धि योग रहेगा। इसके अलावा प्रीति योग और श्रवण नक्षत्र योग रहेगा। इसके पश्चात अगले दिन 23 जुलाई यानी सुबह 05 बजकर 57 मिनट से दोपहर 12 बजकर 05 मिनट तक पुष्कर योग रहेगा।
सावन सोमवार डेट लिस्ट
इस साल कुल 5 सावन सोमवार पड़ेंगे. पहला 22 जुलाई को तो दूसरा 29 जुलाई को सोमवार का व्रत रखा जाएगा. तीसरा सावन सोमवार का व्रत 5 अगस्त को चौथा 12 अगस्त को. वहीं, सावन महीने का आखिरी सोमवार व्रत (Somwar Vrat) 19 अगस्त को रखा जाएगा. इस साल पड़ने वाले सावन सोमवार व्रत की सूचि इस प्रकार हैं, इन्हें आप नोट जरूर कर लें-
श्रावण मास का पहला सोमवार- 22 जुलाई
श्रावण मास का दूसरा सोमवार- 29 जुलाई 2024
श्रावण मास का तीसरा सोमवार- 5 अगस्त
श्रावण महीने का चौथा सोमवार- 12 अगस्त
सानव मास का पांचवां सोमवार- 19 अगस्त
सावन शिवरात्रि 2024
सावन महीने की शिवरात्रि बहुत खास होती है. हर माह कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी के दिन शिवरात्रि का व्रत रखा जाता है। शुक्रवार, 2 अगस्त 2024 को सावन महीने की शिवरात्रि पड़ेगी। पंचांग के अनुसार, सावन कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि का आरम्भ 2 अगस्त को दोपहर 3:26 बजे से होगा और 3 अगस्त को दोपहर 3:50 बजे समाप्त होगा। शिवरात्निरि की पूजा निशिता काल में की जाती है इसलिए सावन की शिवरात्रि 2 अगस्त को मनाई जाएगी।
श्रावण मास का महत्व
श्रावण मास का हर दिन अत्यंत फलदायी होता है, लेकिन इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि श्रावण मास में पड़ने वाले सोमवार का विशेष महत्व होता है। ऐसा कहा जाता है कि जो व्यक्ति सावन सोमवार का व्रत रखता है उसका पारिवारिक जीवन सुखी रहता है। साथ ही इस व्यक्ति के जीवन में सुख-समृद्धि का कभी अभाव नहीं रहता। ऐसा माना जाता है कि सावन के महीने में भगवान शिव की पूजा करने से वह जल्दी प्रसन्न होते हैं । इसके अलावा सावन सोमवार का व्रत करने से कुंडली में चंद्रमा की स्थिति मजबूत होती है।
शिव नमस्कार मंत्र
शम्भवाय च मयोभवाय च नमः शंकराय च मयस्कराय च नमः शिवाय च शिवतराय च।।
ईशानः सर्वविध्यानामीश्वरः सर्वभूतानां ब्रम्हाधिपतिमहिर्बम्हणोधपतिर्बम्हा शिवो मे अस्तु सदाशिवोम।।
महामृत्युंजय मंत्र
ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम्।
उर्वारुकमिव बन्धनान मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्॥
