वर्ष 2026 में विवाह मुहूर्त:: जनवरी पूरा माह रहेगा निषेध, बसंत पंचमी भी शुभ नहीं

वर्ष 2026 की शुरुआत विवाह संस्कारों के लिए अनुकूल नहीं मानी जा रही है। ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार जनवरी माह दो कारणों से पूर्णतः अशुभ रहेगा—खरमास और शुक्र तारा अस्त। इन दोनों स्थितियों को विवाह तथा अन्य मांगलिक कार्यों के लिए अत्यंत प्रतिकूल माना जाता है।शुक्र ग्रह विवाह, दांपत्य सुख और प्रेम का मुख्य कारक है। वैदिक ज्योतिष में इसके अस्त काल को शुभ कार्यों के लिए वर्जित बताया गया है। वर्ष 2026 में शुक्र का अस्त 1 फरवरी तक रहेगा, इसलिए जनवरी का पूरा माह विवाह योग्य नहीं माना जाएगा।
सूर्य के धनु राशि में प्रवेश करने के साथ ही 16 दिसंबर से खरमास की शुरुआत हो रही है। इस अवधि में विवाह, सगाई, गृह प्रवेश और मुंडन सहित सभी मांगलिक कार्यों पर रोक रहेगी। खरमास की समाप्ति 14 जनवरी की रात 9:19 बजे सूर्य के उत्तरायण होने पर होगी। इसके बाद 15 जनवरी से शुभ कार्य पुनः प्रारंभ हो जाएंगे, लेकिन शुक्र ग्रह अस्त रहने के कारण जनवरी 2026 में विवाह नहीं हो पाएंगे।खरमास शुरू होने से पहले गुरुवार को शहर में बड़ी संख्या में विवाह समारोह संपन्न हुए।
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार वर्ष 2026 में पहला शुभ विवाह मुहूर्त 5 फरवरी को आएगा और वर्ष का अंतिम मुहूर्त 6 दिसंबर को बनेगा। फरवरी को साल का सबसे शुभ महीना बताया गया है, जिसमें कुल 12 शुभ मुहूर्त उपलब्ध होंगे। इसके बाद मार्च, अप्रैल और मई में 8-8, जून में 7, जुलाई में 4, नवंबर में 4 और दिसंबर में 7 शुभ तिथियां मिलेंगी।
नया वर्ष अधिकमास वाला होगा और इसमें दो ज्येष्ठ माह रहेंगे। 2 मई से 29 जून तक लगभग 59 दिन का यह काल विवाह के लिए पूर्णतः वर्जित रहेगा। इसके अलावा 14 मार्च से 13 अप्रैल तक खरमास और 25 जुलाई से 20 नवंबर तक चातुर्मास रहने के कारण इन अवधियों में भी कोई शुभ विवाह नहीं किया जाएगा।फरवरी के बाद अप्रैल और जून में सर्वाधिक सावे उपलब्ध होंगे।
वर्ष 2026 के विवाह मुहूर्त इस प्रकार रहेंगे
फरवरी – 5, 6, 8, 10, 12, 14, 19, 20, 21, 24, 25, 26
मार्च – 1, 3, 4, 7, 9, 11, 26, 27
अप्रैल – 15, 20, 21, 25, 26, 27, 28, 29
मई – 1, 3, 5, 6, 7, 8, 13, 14
जून – 21, 22, 23, 24, 25, 26, 27, 29
जुलाई – 1, 6, 7, 11
नवंबर – 21, 24, 25, 26
दिसंबर – 2, 3, 4, 5, 6, 11, 12
कुछ पंचांगों में अंतर होने से तिथियों में थोड़ा बदलाव संभव है।
क्या बसंत पंचमी 2026 विवाह के लिए शुभ होगी?
साल 2026 में बसंत पंचमी 23 जनवरी, शुक्रवार को पड़ेगी। उस समय खरमास तो समाप्त हो चुका होगा, लेकिन शुक्र का अस्त रहना जारी रहेगा। चूंकि शुक्र अस्त होने पर विवाह और मांगलिक कार्य निषेध माने जाते हैं, इसलिए बसंत पंचमी 2026 को भी विवाह के लिए शुभ तिथि नहीं माना जाएगा।
इस प्रकार जनवरी 2026 में कोई भी उपयुक्त विवाह मुहूर्त उपलब्ध नहीं रहेगा।
