शिव नगर में सात दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आगाज; ठाकुर जी ने किया नगर भ्रमण, उमड़ा जनसैलाब

भीलवाड़ा (हलचल)। शहर के शिव नगर, पुलिस लाइन क्षेत्र में भगवान श्री चारभुजानाथ फुलेरिया माली समाज सेवा समिति के तत्वावधान में नवनिर्मित चारभुजानाथ मंदिर में सात दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ। श्री सन्तदास जी महाराज (हाथीभाटा आश्रम) के पावन सानिध्य और यज्ञाचार्य पंडित धर्मनारायण जी जोशी के निर्देशन में आयोजित इस महोत्सव के पहले दिन विशाल शोभायात्रा और कलश यात्रा निकाली गई।

ठाकुर जी का नगर भ्रमण और कलश यात्रा

महोत्सव की शुरुआत रविवार सुबह विशाल शोभायात्रा के साथ हुई। ठाकुर जी को रथ में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में मातृशक्ति सिर पर मंगल कलश धारण कर मंगल गीत गाती हुई चल रही थी। बैंड-बाजों और जयकारों से पूरा पुलिस लाइन और शिव नगर क्षेत्र भक्तिमय हो गया। संत-महात्माओं के सानिध्य में निकली इस यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।

नवकुण्डीय हरिहर महायज्ञ और धार्मिक कार्यक्रम

समिति के सचिव नानुलाल गोयल ने बताया कि इस सात दिवसीय अनुष्ठान के दौरान नवनिर्मित मंदिर में भगवान श्री चारभुजानाथ जी, बालाजी महाराज और शिव परिवार की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।

* देवपूजा व यज्ञ: 2 फरवरी (सोमवार) से 6 फरवरी (शुक्रवार) तक प्रतिदिन वेदोक्त मंत्रोच्चार के साथ देवपूजा, वेदपाठ और यज्ञ-हवन का आयोजन होगा।

* वृंदावन की रासलीला: महोत्सव के दौरान 1 फरवरी से 7 फरवरी तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से वृंदावन की सुप्रसिद्ध राधावल्लभ रासलीला का भव्य मंचन किया जाएगा।

7 फरवरी को होगा महासंगम और प्रतिष्ठा

महोत्सव का मुख्य आकर्षण शनिवार, 7 फरवरी को होगा।

* हरिबोल प्रभातफेरी: प्रातः काल 108 गांवों की हरिबोल प्रभातफेरियों का नगर भ्रमण में महासंगम होगा।

* प्राण प्रतिष्ठा: अभिजीत मुहूर्त में विधि-विधान के साथ भगवान की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।

* पूर्णाहूति व भण्डारा: यज्ञ की पूर्णाहूति के पश्चात विशाल महाप्रसाद (भण्डारा) आयोजित किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है।

इस आयोजन को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष कालू राम नुईवाल, उपाध्यक्ष मांगी लाल तंवर, रामेश्वर लाल दीवड़ा, छोटू लाल सांखला और कोषाध्यक्ष नानुराम छलीवाल सहित समस्त फुलेरिया माली समाज के कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

* समाचार: प्रेम कुमार गढवाल (9413376078)

* व्हाट्सएप: 9829041455

* विज्ञापन: विजय गढवाल (6377364129)

* सम्पर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

* फोन: 7737741455

* ईमेल: [email protected]

Next Story