भगवान नेमीनाथ के जन्म कल्याणक पर स्नात्र महोत्सव 9 को: चांदी के कलश भर औषधीय मिश्रण से भगवान का होगा अभिषेक

चांदी के कलश भर औषधीय मिश्रण से भगवान का होगा अभिषेक
X

भीलवाड़ा। मूर्ति पूजक संघ के तत्वावधान व साध्वियों के सानिध्य में 9 अगस्त को शहर के बीच महावीर पार्क के पास स्थित श्री चिंतामणि पार्श्वनाथ मंदिर में इंद्र-इंद्राणियों द्वारा साज-बाज के साथ भगवान नेमीनाथ के जन्म कल्याणक पर स्नात्र महोत्सव मनाया जाएगा।

चांदी के कलश में भरे औषधीय मिश्रण से भगवान का अभिषेक होगा। 108 दीपक से भगवान की आरती की जाएगी। अभिषेक के लिए औषधियां अहमदाबाद से मंगवाई गई है। मूर्ति पूजक संघ द्वारा साध्वी दीपमालाश्री व शंखनिधिश्री की निश्रा की मौजूदगी में शुक्रवार सुबह 8.30 बजे भगवान नेमीनाथ का जन्म कल्याणक महोत्सव शुरू होगा। इंद्र-इंद्राणियां भगवान का चांदी के कलश में भरे औषधीय मिश्रण से अभिषेक किया जाएगा। अध्यक्ष विनोद बंब व मंत्री ज्ञानमल सुराणा ने बताया कि अभिषेक में चंदन, कपूर, काचली, मंगलमाटी, सर्वोसधी आदि औषधियां शामिल की गई हैं, जो अहमदाबाद से मंगाई गई।

इसके अलावा कई प्रकार के फूलों से भगवान के मंदिर को सजाया जाएगा। जन्म कल्याण के दिन अभिषेक के लिए श्रावक-श्राविकाएं एवं बाल गोपाल पूजा की पोशाक में मंदिर पहुंचेंगे। अभिषेक करने का लाभ भी सभी को मिलेगा। भीलवाड़ा में प्रथम बार साध्वियों की मौजूदगी में यह महोत्सव मनाया जा रहा है। इसे लेकर मंदिर उपासरा की गन्ना और पुष्पों से सजावट की जाएगी।

Next Story