अयोध्या में राम मंदिर को मिलेगी नई भव्य पहचान,30 करोड़ रुपये bकी रत्नजड़ित विशाल प्रतिमा जल्द होगी स्थापित

अयोध्या में राम मंदिर   को मिलेगी नई भव्य पहचान,30 करोड़ रुपये bकी रत्नजड़ित विशाल प्रतिमा जल्द होगी स्थापित
X


अयोध्या। रामलला मंदिर परिसर में जल्द ही एक अत्यंत भव्य और दुर्लभ प्रतिमा स्थापित होने जा रही है, जो अपनी भव्यता और कलात्मकता के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। सोने जैसी आभा वाली इस प्रतिमा में हीरा, पन्ना सहित कई कीमती रत्न जड़े हुए हैं। यह प्रतिमा कर्नाटक के एक गुमनाम राम भक्त द्वारा दान की गई है।

मंगलवार शाम को यह विशाल प्रतिमा कर्नाटक से अयोध्या पहुंची। दक्षिण भारतीय शिल्प परंपरा में निर्मित यह प्रतिमा करीब 10 फीट ऊंची और 8 फीट चौड़ी बताई जा रही है। इसकी अनुमानित कीमत 25 से 30 करोड़ रुपये के बीच आंकी जा रही है। प्रतिमा का वजन लगभग पांच क्विंटल होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसका आधिकारिक वजन अभी कराया जा रहा है।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ अनिल मिश्र ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि प्रतिमा किस श्रद्धालु ने भेजी है। दानकर्ता की पहचान सामने आते ही पूरी जानकारी साझा की जाएगी। ट्रस्ट की ओर से प्रतिमा की गुणवत्ता, धातु और रत्नों की विस्तृत जांच करवाई जा रही है।

ट्रस्ट सूत्रों के अनुसार इस प्रतिमा को संत तुलसीदास मंदिर के समीप स्थित अंगद टीला पर स्थापित करने पर विचार किया जा रहा है। स्थापना से पहले प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया जाएगा। इसके बाद भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित होगा, जिसमें देशभर से संत, महंत और धार्मिक आचार्यों को आमंत्रित किया जाएगा।

राम मंदिर परिसर में इस प्रतिमा की स्थापना को श्रद्धालुओं के लिए एक और आस्था का केंद्र माना जा रहा है, जिससे अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा और अधिक बढ़ेगी।

Tags

Next Story