बॉलीवुड के सबसे हैंडसम हीरो धर्मेंद्र, देव आनंद ने कहा था- ऐसी शक्ल मेरी क्यों नहीं

भारतीय सिनेमा के सबसे आकर्षक अभिनेताओं में शुमार धर्मेंद्र इन दिनों अस्वस्थ चल रहे हैं और वेंटिलेटर पर हैं। धर्मेंद्र को उनके फैंस प्यार से ‘हीमैन’ कहते हैं। अपनी दमदार पर्सनालिटी, हैंडसम लुक्स और सादगी के कारण उन्होंने दशकों तक दर्शकों के दिलों पर राज किया। उनके दौर के बड़े कलाकार भी उनकी शख्सियत से प्रभावित रहे हैं।
**देव आनंद और दिलीप कुमार भी थे धर्मेंद्र के मुरीद**
धर्मेंद्र की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अपने समय के सुपरस्टार देव आनंद ने एक बार मजाक में कहा था, “ऐसी शक्ल मेरी क्यों नहीं?” वहीं, दिलीप कुमार भी अक्सर उनकी फिटनेस और चेहरे की चमक की तारीफ करते थे। उन्होंने कहा था कि अगर अगला जन्म हुआ, तो वे धर्मेंद्र जैसी शख्सियत पाना चाहेंगे।
**टाइम मैगजीन ने दी दुनिया के सबसे हैंडसम पुरुषों में जगह**
धर्मेंद्र को टाइम मैगजीन ने दुनिया के दस सबसे हैंडसम पुरुषों की सूची में शामिल किया था। ऐसा सम्मान पाने वाले वे पहले भारतीय अभिनेता थे। वह सिर्फ एक अभिनेता नहीं, बल्कि हर दौर में मर्दानगी और सौंदर्य के प्रतीक बने रहे। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह बॉलीवुड के “हाइएस्ट ग्रॉसिंग स्टार ऑफ ऑल टाइम” की सूची में चौथे स्थान पर हैं।
**गोविंदा ने पत्नी को दिखाई थीं धर्मेंद्र की तस्वीरें**
अभिनेता गोविंदा का धर्मेंद्र के प्रति प्रेम किसी से छिपा नहीं। एक बार उन्होंने बताया था कि जब उनकी पत्नी सुनीता गर्भवती थीं, तो उन्होंने रोज उन्हें धर्मेंद्र की तस्वीरें दिखाईं ताकि उनका बच्चा धर्मेंद्र जैसा सुंदर हो। यह किस्सा आज भी बॉलीवुड में चर्चा का विषय है।
**‘फूल और पत्थर’ से बने सुपरस्टार**
धर्मेंद्र ने 1966 में आई फिल्म ‘फूल और पत्थर’ में एक शर्टलेस सीन दिया था, जो उस दौर में भारतीय सिनेमा के लिए बिल्कुल नया था। दर्शक उनकी काया और लुक देखकर दंग रह गए थे। यह फिल्म सुपरहिट साबित हुई और इसी से धर्मेंद्र ने स्टारडम की ऊंचाइयां छू लीं। इस फिल्म की हीरोइन मीना कुमारी के साथ उनकी नजदीकियां भी लंबे समय तक सुर्खियों में रहीं।
धर्मेंद्र आज भी अपने फैंस के दिलों में उसी चमक के साथ बसे हुए हैं, जैसी चमक उनके चेहरे पर कभी पर्दे पर नजर आती थी।
