मनोरंजन बुलेटिन: अस्पताल में भर्ती हुए धर्मेंद्र, ‘बाहुबली एपिक’ का सिनेमाघरों में दिखा गजब क्रेज

अस्पताल में भर्ती हुए धर्मेंद्र, ‘बाहुबली एपिक’ का सिनेमाघरों में दिखा गजब क्रेज
X


मुंबई से बड़ी खबर, बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को रूटीन जांच के लिए ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 89 वर्षीय धर्मेंद्र की तबीयत को लेकर फैंस में चिंता बढ़ी, लेकिन पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि यह केवल उम्र से जुड़ी सामान्य जांच है और उनकी सेहत पूरी तरह स्थिर है। उम्मीद है कि जल्द ही वे घर लौट आएंगे।



इसी बीच सोशल मीडिया पर एक और विवाद छाया रहा। अभिनेत्री कैटरीना कैफ की कुछ निजी तस्वीरें बिना अनुमति के वायरल होने पर सोनाक्षी सिन्हा भड़क उठीं। उन्होंने कहा कि किसी महिला की प्राइवेसी का उल्लंघन करना अपराध से कम नहीं है और पैपराजी को अपनी हदें जाननी चाहिए।

सिनेमाघरों में दर्शकों का उत्साह देखने लायक रहा। प्रभास की ‘बाहुबली द एपिक’ रिलीज होते ही थिएटर्स में जश्न का माहौल बन गया। फिल्म में पहले और दूसरे भाग को मिलाकर एक भव्य रूप में पेश किया गया है। कई जगह दर्शक सीटियों और तालियों से थिएटर गूंजा रहे हैं।

असम में दिवंगत गायक जुबीन गर्ग को भावुक श्रद्धांजलि दी गई। उनकी आखिरी फिल्म ‘रोई रोई बिनाले’ के प्रदर्शन के दौरान थिएटरों में उनके नाम की एक खास सीट रखी गई, जिस पर उनकी तस्वीर और पारंपरिक असमिया गमछा सजाया गया था। यह उनके चाहने वालों की तरफ से सम्मान का प्रतीक बना।




वहीं, हॉलीवुड से आई एक टिप्पणी ने चर्चा बढ़ा दी। अमेरिकी अभिनेत्री श्वेता केसवानी ने कहा कि प्रियंका चोपड़ा ने भले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम कमाया हो, लेकिन उन्होंने बाकी दक्षिण एशियाई कलाकारों के लिए राह आसान नहीं की। उन्होंने मिंडी कालिंग की सराहना करते हुए कहा कि वे न सिर्फ खुद के लिए बल्कि नए टैलेंट को भी मंच दे रही हैं।

Next Story