हनुमान जन्मभूमि अंजनाद्री में ‘जय हनुमान’ का भव्य आगाज: ऋषभ शेट्टी निभाएंगे महाबली का किरदार

हनुमान जन्मभूमि अंजनाद्री में ‘जय हनुमान’ का भव्य आगाज: ऋषभ शेट्टी निभाएंगे महाबली का किरदार
X


'हनुमान' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म देने वाले फिल्ममेकर प्रशांत वर्मा ने अपने 'प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स' के अगले बड़े अध्याय 'जय हनुमान' की आधिकारिक शुरुआत कर दी है। इस महात्वाकांक्षी फिल्म का मुहूर्त समारोह सोमवार को भगवान हनुमान की जन्मस्थली माने जाने वाले हंपी (विजयनगर) स्थित अंजनाद्रि बेट्टा में बेहद भव्य तरीके से संपन्न हुआ।

ऋषभ शेट्टी का दमदार अवतार और फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन

इस फिल्म में नेशनल अवॉर्ड विनर और 'कांतारा' फेम अभिनेता ऋषभ शेट्टी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। वे भगवान हनुमान के दिव्य किरदार को जीवंत करेंगे। मेकर्स द्वारा जारी किए गए फर्स्ट-लुक पोस्टर ने पहले ही दर्शकों में भारी उत्सुकता जगा दी है। बताया जा रहा है कि इस भूमिका के साथ न्याय करने के लिए ऋषभ शेट्टी एक कठिन फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन से गुजर रहे हैं ताकि वे महाबली हनुमान के प्रताप और जज्बे को स्क्रीन पर बखूबी उतार सकें।

दिग्गज निर्माताओं का साथ और विशेष मुहूर्त

फिल्म का निर्माण 'माइथ्री मूवी मेकर्स' के बैनर तले हो रहा है और टी-सीरीज इसे पेश करेगी। मुहूर्त के दौरान टी-सीरीज के हेड भूषण कुमार ने क्लैपबोर्ड बजाया, जबकि अनिल थदानी ने कैमरा रोल किया। विशेष बात यह रही कि मुहूर्त शॉट का निर्देशन 'हनुमान' स्टार तेजा सज्जा ने किया। नवीन येरनेनी और रवि शंकर ने फिल्म की स्क्रिप्ट औपचारिक रूप से डायरेक्टर प्रशांत वर्मा को सौंपी।

कलयुग की पृष्ठभूमि पर आधारित एक्शन एपिक

'जय हनुमान' को कलयुग की पृष्ठभूमि पर एक हाई-ऑक्टेन एक्शन एपिक के रूप में तैयार किया जा रहा है। फिल्म की कहानी इस विचार पर टिकी है कि हनुमान की चुप्पी उनका समर्पण नहीं, बल्कि उनके गहरे उद्देश्य का प्रतीक है। प्रशांत वर्मा अपनी इस फिल्म में आधुनिक कहानी को पौराणिक कथाओं के साथ जोड़कर एक नया अनुभव पेश करेंगे। फिल्म का प्री-प्रोडक्शन पूरा हो चुका है और जल्द ही इसकी नियमित शूटिंग शुरू हो जाएगी।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Next Story