जीवन में संयम का पालन करते हुए गुरुकुल जीवन को श्रेष्ठ माने वि़द्यार्थी-आईजी लांबा

उदयपुर, । जवाहर नवोदय विद्यालय मावली में प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान समारोह एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक अजयपाल लाम्बा थे जबकि अध्यक्षता उप वन संरक्षक सुगनाराम जाट ने की। समारोह में विशिष्ट अतिथि मावली थानाधिकारी (प्रशिक्षु) प्रशांत किरण, मावली पुलिस उपाधीक्षक श्रीमती कैलाश कुंवर राठौड़ व नवोदय नेतृत्व संस्थान मावली के प्राचार्य इलियास खान रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया। उन्होंने अपने नवोदय विद्यालय सीकर के अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि विद्यार्थी अपने बेहतर भविष्य के लिए अभी से कड़ी मेहनत एवं लगन से अध्ययन करें। उन्होंने विद्यार्थी जीवन में संयम का पालन करते हुए गुरुकुल जीवन को श्रेष्ठ मानते हुए अपने भविष्य की नींव रखने का संदेश दिया। लाम्बा ने नवोदय विद्यालय मावली की भौतिक सुविधाओं हेतु सरकारी स्तर पर सहयोग का पूर्ण आश्वासन दिया।
समारोह में मावली थानाधिकारी प्रशान्त किरण मावली एवं जवाहर नवोदय विद्यालय नागौर के छात्र रहे आईएफएस सुगनाराम जाट ने अपने अनुभव साझा किए। प्राचार्य डॉ. महबूब अली ने अतिथियों का सम्मान करते हुए विद्यालय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
अतिथियों ने विभिन्न श्रेणियों में प्रथम स्थान पर रहे विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। विद्यालय की छात्राओं ने विभिन्न प्रस्तुतियां दी। विद्यालय के श्रेष्ठ शिक्षक हरिराम गोदारा, माकान्त जोनवाल, श्रीमती निवेदिता चन्द्रावत व कार्यालय अधीक्षक डी.पी. जोशी को सम्मानित किया गया।
अतिथियों ने विद्यालय के शैक्षणिक उद्यान में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। अंत में उप प्राचार्या रंजना चौधरी ने आभार जताया।
