प्रसव के बाद क्यों झड़ने लगते हैं तेजी से बाल, जानें कारण से लेकर समाधान

प्रसव के बाद मां के शरीर में कई तरह के बदलाव देखने को मिलते हैं। वजन बढ़ने लगता है और शरीर बहुत कमजोर महसूस करता है। इसी के साथ चेहरे पर दाग-धब्बे और प्रसव के बाद तेजी से बाल झड़ने की समस्या देखी जाती है। बाल झड़ने की समस्या हर दूसरी महिला में देखी जाती है, लेकिन ऐसा क्यों होता है, ये बहुत कम लोग ही जानते हैं। आज हम प्रसव के बाद बाल झड़ने की परेशानी के कारणों के बारे में जानेंगे और इसे रोकने के उपाय भी। पहले जानते हैं कि प्रसव के कुछ महीने बाद अचानक बाल क्यों झड़ने लगते हैं। पहला कारण है हॉर्मोन में परिवर्तन। बच्चे को जन्म देने के बाद मां के शरीर में हॉर्मोन का असंतुलन आम बात है। प्रसव के बाद शरीर में एस्ट्रोजन का स्तर गिरने लगता है, जिससे बाल जड़ों से कमजोर होकर गिरने लगते हैं और पतले भी हो जाते हैं। दूसरा कारण है पोषक तत्वों की कमी होना। प्रसव के बाद सारा ध्यान शिशु पर शिफ्ट हो जाता है और सभी शिशु का ध्यान मां की तुलना में ज्यादा करते हैं। डिलीवरी के बाद शरीर में आयरन से लेकर कैल्शियम तक की कमी हो जाती है। ऐसे में पोषक तत्वों की कमी की वजह से बाल कमजोर होकर झड़ने लगते हैं।
तीसरा कारण है तनाव और नींद की कमी। हार्मोन का असंतुलन और शिशु के रात भर जागने की वजह से मां पूरी नींद नहीं ले पाती है, जिससे डिप्रेशन और थकान होने लगती है। तनाव बाल झड़ने का सबसे बड़ा कारण है। अब जानते हैं कि बालों के गिरने को कैसे रोका जा सकता है।
पहला, डिलीवरी के कुछ समय बाद एस्ट्रोजन का स्तर शरीर में बढ़ने लगता है। दूसरा आहार पोषक तत्वों से भरपूर लें, जिसमें आयरन, कैल्शियम, विटामिन डी, और विटामिन सी की भरपूर मात्रा हो। विटामिन सी बालों और स्किन के लिए बहुत जरूरी है। आहार में दाल, अंडा, दूध, पनीर, सोया, हरी सब्जियां, चुकंदर, और अनार लें। हफ्ते में एक बार हल्की तेल मालिश जरूर करें। तनाव को कम करने के लिए पूरी नींद जरूर लें, और अगर फिर भी अगर बाल लगातार झड़ रहे हैं तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
