वसुधैव कुटुंबकम् की थीम पर मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

वसुधैव कुटुंबकम् की थीम पर मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
X

भीलवाड़ा। आयुर्वेद विभाग के तत्वावधान में योगा फॉर वसुधैव कुटुंबकम् की इस वर्ष की थीम पर 9वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन बुधवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजेन्द्र मार्ग प्रांगण में किया गया।

योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. निकिता चौधरी के निर्देशन में, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सक अंकित शर्मा एवं डॉ. अंजली शर्मा, आशा कुमावत के सहयोग से  उपस्थित लोगो ने ताड़ासन, वृक्षासन, पाद-हस्तासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, अर्धउष्ट्रासन, शशांकासन, वक्रासन, भुजंगासन, सलभासन, मकरासन, सेतुबंधासन, पवनमुक्तासन, शवासन, कपालभाति क्रिया, प्राणायाम सहित विभिन्न योग मुद्राएं की गई। 

योग सत्र के समापन पर उपस्थित लोगो को एक स्वस्थ, शांतिप्रिय, आनंदपूर्ण एवं प्रेमपूर्ण मानव बनाने का संकल्प दिलाया गया।  उन्हें अपने प्रत्येक कार्य से चारों ओर शांति और स्नेहपूर्ण बातावरण बनाने, अपने अहम् को समाप्त करने का प्रयत्न करने और पूरे विश्व को अपने में समाहित करने की कोशिश करने व दूसरों के जीवन से अपने जीवन संबंधों की पहचान करने तथा उपस्थित हर व्यक्ति से एकात्म होने का प्रयत्न करने का संकल्प दिलाया गया। साथ ही सभी सुखी रहे, सभी रोगमुक्त रहें, सभी का जीवन मंगलमय बनें और कोई भी दुःख का भागी न बने, की कामना की गई। 
  आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ जलदीप पथिक ने बताया कि योग फॉर वसुधैव कुटुंबकम् अर्थात वसुधैव कुटुंबकम् के लिए योग  की थीम पर 9 वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया जिसमें शहरवासियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर उन्होंने जिला प्रशासन, विभिन्न स्वयं सेवी संस्थाओं आदि को धन्यवाद दिया। 

 कार्यक्रम में उपनिदेशक आयुर्वेद डॉ जलदीप पथिक, सीएमएचओ डॉ मुश्ताक खान, नगर परिषद आयुक्त  हेमाराम, सहायक जनसंपर्क अधिकारी  इशांत काबरा, चिकित्सक, चिकित्साकर्मी, बच्चों, वृद्ध सहित सभी आयुवर्ग के लोगों ने उत्साह से भाग लिया।

Next Story