छात्र छात्राओं को विधिक रूप से जागरूक करने के लिए विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

राजसमंद। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार छात्र छात्राओं को विधिक रूप से जागरूक करने हेतु एवं ‘‘मेरा विद्यालय स्वच्छ विद्यालय’’ अभियान के तहत सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश राजसमन्द मनीष कुमार वैष्णव के द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मण्डियाना का निरीक्षण एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
विद्यालय के निरीक्षण में कक्षा कक्ष एवं अहाते की सफाई व्यवस्था उचित नहीं पाई गई। विद्यालय में खेल सामग्री थी किन्तु दो माह से शारीरिक शिक्षक के अन्यत्र होने से खेल सामग्री का उपयोग होना नहीं बताया गया। विद्यालय में बालक बालिकाओं के लिए पृथक पृथक टाॅयलेट उपलब्ध थे। आपात काल में सम्पर्क हेतु सम्पर्क सूची उपलब्ध नहीं थी।
अग्नि से बचाव हेतु उचित व्यवस्था नहीं पाई गई। विद्यालय में विद्याार्थियों के बैठने हेतु पर्याप्त फर्निचर का अभाव पाया गया। विद्यालय की छत कहीं कहीं पर टूटी हुई थी। साथ ही बारिश के समय में भी विद्यालय की छत से पानी टपकता है जिस पर प्राचार्य से बातचीत करने पर प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय की नयी बिल्डिंग बन गई है और जल्द ही विद्यालय नये विद्यालय में स्थानान्तरित जो जायेगा।
इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजसमन्द मनीष कुमार वैष्णव के द्वारा विधिक जागरूकता शिविर का भी आयोजन किया गया। जिसमें उपस्थित बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकाराें के बारें में जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि बालिकाओं को किसी प्रकरण में गिरफ्तार करने समय महिला पुलिस
कान्स्टेबल साथ में होना चाहिए। साथ ही पुलिस के द्वारा किसी भी बंदी का हिरासत में लेने के बाद 24 घण्टे के भीतर न्यायालय के समक्ष पेश करना आवश्यक है। इसके साथ ही उन्होंने गुड टच और बेड टच के बारे में जानकारी दी। बालकों को किशोर न्याय बोर्ड व सम्प्रेषण गृह की जानकारी दी गई। यौन अपराधों से बालकों संरक्षक अधिनियम के तहत बालकों को प्राप्त विधिक अधिकारी व संरक्षण की जानकारी प्रदान की गई। निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के योग्य व्यक्तियों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर तालुका विधिक सेवा समिति नाथद्वारा के कार्मिक सत्यप्रकाश त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।
