भारत की इन जगहों पर रिपब्लिक डे सेलिब्रेशन देखने का अलग ही है मजा

26 जनवरी पर भारत में गणतंत्र दिवस मनाया जाता है क्योंकि इस दिन हमारा संविधान लागू हुआ था. ये दिन तभी से लोकतंत्र का प्रतीक बन गया. ये दिन हमें अपने वीर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और संविधान निर्माताओं की याद दिलाता है. गणतंत्र दिवस के दिन पूरे देश में देशभक्ति का माहौल बन जाता है. स्कूल, कॉलेज और सरकारी इमारतों पर तिरंगे झंडे फहराए जाते हैं. लेकिन भारत के कुछ शहर ऐसे हैं, जहां गणतंत्र दिवस का सेलिब्रेशन बेहद खास और अद्भुत होता है.
इन शहरों में जाकर इस दिन को मनाने का अनुभव यादगार बन जाता है. आइए जानते हैं भारत की उन चुनिंदा जगहों के बारे में, जहां रिपब्लिक डे सेलिब्रेशन देखने का एक अलग ही मज़ा है.
1. कर्त्तव्य पथ, नई दिल्ली
देश की राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह होता है. कर्त्तव्य पथ पर परेड का आयोजन किया जाता है, जिसमें भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना के जवान अपनी ताकत और पराक्रम का प्रदर्शन करते हैं. परेड में झांकियां, सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन, झंडारोहण और वायुसेना के विमानों के करतब देखने लायक होते हैं.राष्ट्रपति तिरंगा फहराते हैं और 21 तोपों की सलामी दी जाती है.
2. मरीन ड्राइव, मुंबई
मुंबई में गणतंत्र दिवस का जश्न बेहद खास होता है. मरीन ड्राइव पर लोग तिरंगा लेकर देशभक्ति का जश्न मनाते हैं. यहां का नजारा देशभक्ति और उत्साह से भरपूर होता है. आप भी मरीन ड्राइव पर झंडारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने का आनंद लें सकते हैं.
3. वाघा बॉर्डर, पंजाब
वाघा बॉर्डर पर हर दिन बीटिंग रिट्रीट समारोह होता है, लेकिन गणतंत्र दिवस के दिन ये और खास हो जाता है. भारत और पाकिस्तान के जवानों के बीच ये समारोह देखने लायक होता है. आप भी यहां सुबह जल्दी पहुंचकर इस खास आयोजन का हिस्सा बन सकते हैं. यहां देशभक्ति का जुनून और जोश देखने लायक होता है.
4. जयपुर के महल और किले
राजस्थान के जयपुर में गणतंत्र दिवस के दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है. यहां के ऐतिहासिक किले और महल तिरंगे की रोशनी से सजाए जाते हैं. आप यहां रिपब्लिक डे के मौके पर अल्बर्ट हॉल और आमेर किले पर आयोजित कार्यक्रमों का आनंद लें सकते हैं.
5. रेड रोड, कोलकत्ता
कोलकाता में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह रेड रोड पर आयोजित किया जाता है. इस परेड में पुलिस, सेना, एनसीसी कैडेट्स, और सरकारी विभागों की झांकियां देखने को मिलती हैं. परेड के दौरान बंगाल की कल्चर हेरिटेज और मॉर्डन एडवांसमेंट को भी शोकेस किया जाता है.
