प्रधान, अधिकारी या युवा नेता…गणतंत्र दिवस के लिए इस तरह तैयार करें स्पीच

26 जनवरी हर एक भारतवासी के लिए न सिर्फ बेहद महत्वपूर्ण है बल्कि गौरवपूर्ण दिन है, क्योंकि 1950 में यही वह दिन था जब भारत का संविधान लागू किया गया और देश में लोकतंत्र की स्थापना हुई. 26 जनवरी के मौके पर सबसे खास आयोजन कर्तव्य पथ (राजपथ) पर किया जाता है, जिसमें परेड से लेकर अलग-अलग राज्यों की झांकियां निकाली जाती हैं. ये भव्य परेड देखने लायक होती है. इसमें एक से बढ़कर एक टैलेंट के साथ ही हमारे वीर जवानों का शौर्य देखने को मिलता है. स्कूलों से लेकर सार्वजनिक स्थानों पर भी झंडारोहण के साथ ही कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं. अगर आप युवा नेता हैं, प्रधान हैं या फिर अधिकारी हैं तो यहां से गणतंत्र दिवस की स्पीच के लिए कुछ आइडिया ले सकते हैं.

26 जनवरी के दिन पूरे देश में एक देश भक्ति की बयार रहती है. परेड से लेकर झंडारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाते हैं. हर कोई अपने स्तर पर गणतंत्र दिवस सेलिब्रेट करता है. इस मौके पर अपने देश के बारे में इतिहास के बारे में कुछ कहना हो या फिर भारत के भविष्य के बारे में लोगों को जागरूक करना हो. इस दिन अगर आपको स्टेज से किसी भी तरह से लोगों का संबोधन करना है और स्पीच देनी है तो देख लेते हैं उसके आइडिया.

युवा नेता इस तरह दें गणतंत्र दिवस पर स्पीच

26 जनवरी के मौके पर युवा नेता होने के नाते आपकी स्पीच ऐसी होनी चाहिए जो यंग जनरेशन को जोश से भर दे और उन्हें देश को आगे ले जाने की प्रेरणा दे. अपने भाषण की शुरुआत संबोधन से करने के बाद गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर कुछ बातें कहने के साथ ही, युवाओं को उनके 6 मौलिक अधिकारों के बारे में बताएं. इसके अलावा युवाओं को यह भी समझाएं कि शिक्षा से लेकर विज्ञान और टेक्नोलॉजी तक हर क्षेत्र में युवा ही देश को आगे ले जाने का काम कर सकते हैं. इसके अलावा युवा ही पुरानी रूढ़िवादिता को तोड़कर समाज में बदलाव ला सकते हैं. एक-दूसरे को साथ लेकर चलें. इस स्पीच में आप किसी ऐसे महान व्यक्ति की कहानी भी शेयर कर सकते हैं जिसने यंग एज में प्रेरणादायक काम किए हो.

अधिकारी इस तरह तैयार कर सकते हैं स्पीच

गणतंत्र दिवस के मौके पर किसी भी अधिकारी द्वारा दी गई स्पीच ऐसी होनी चाहिए जिससे लोगों को उनके अधिकारों के बारे में जानकारी मिले और वह बिना डर के संविधान के तहत अपने लिए न्याय मांगने में सक्षम बन सकें. इसके साथ ही अधिकारियों को अपनी स्पीच में यह आश्वासन दिलाया जाना चाहिए कि वह हमेशा लोगों की मदद के लिए तत्पर हैं. इसके अलावा डॉक्टर भीमराव आंबेडकर के साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों की भूमिका के बारे में बताएं कि कैसे सभी ने योगदान देकर हमारे देश को एक स्वतंत्र गणराज्य बनाया. संविधान के नियमों का पालन करते हुए सभी को सभी को अपराध से दूर रहना चाहिए साथ ही इसे होने से रोकने के प्रयास भी करने चाहिए.

नेता या प्रधान इस तरह से दे सकते हैं स्पीच

गणतंत्र दिवस पर प्रधान, सभासद या किसी भी पद पर आसीन नेता को स्पीच देते वक्त सबसे पहले देश के संविधान के बारे में कुछ अहम बातें कहनी चाहिए और फिर उसके बाद मौजूदा समय के मुद्दों जैसे शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी को कम करने पर क्या किया जा रहा है, स्वास्थ्य व्यवस्था कैसे सुधारी जाएं जैसी चीजों पर बात करनी चाहिए. इसके अलावा अपने भाषण में कृषि के क्षेत्र पर भी खासतौर पर ध्यान देना चाहिए. युवा कैसे अपनी जिम्मेदारी निभाकर देश को आगे ले जा सकते हैं, कैसे समाज की कुरीतियों, भेदभाव से ऊपर उठकर एक अच्छे समाज का निर्माण कर देश को प्रगति के रास्ते पर ले जाया जा सकता है. इसे लेकर पॉइंटर में स्पष्ट रूप से अपनी बात रखनी चाहिए. इस तरह से गणतंत्र दिवस पर एक बेहतरीन स्पीच तैयार की जा सकती है.

Next Story