व्यंग्य: 'खास' चेले की डायरी के पन्ने—: रिश्वत का 'माल' और भाषण का 'मद्यपान'; राजनीति के परदे के पीछे का कच्चा चिट्ठा

राजनीति में 'नेताजी' जितने प्रभावशाली होते हैं, उनके 'खास' चेले (चमचे) उतने ही जानकार। अगर कभी किसी नेता के करीब रहने वाले शख्स की डायरी सामने आ जाए, तो वह अलीबाबा और चालीस चोर की दास्तां को भी पीछे छोड़ देगी। पेश हैं नेताजी के एक वफादार सिपहसालार की डायरी के कुछ चुनिंदा और तीखे अंश:
तारीख: 15 फरवरी - 'सिरफिरे' साहब की जल्दी गुडनाइट
आज नेताजी ने रात 10 बजे ही गुडनाइट कर दिया। शुक्र है, वरना रात 1 बजे तक मुझसे 'चिलम' भरवाते रहते। दिन भर हम सब (सर-सर) की माला जपते हैं, लेकिन हकीकत में साहब थोड़े 'सिरफिरे' ही हैं। जल्दी सोने की वजह यह बताई कि आज 'माल' (रिश्वत) कुछ ज्यादा ही खा लिया है, जिससे उन्हें भयंकर 'बदहजमी' और खट्टी डकारें आ रही हैं। अब बेडरूम में अपनी गैस्टिक ट्रबल दूर कर रहे हैं।
तारीख: 16 फरवरी - आधी रात, सूटकेस और 'पार्टी'
आज फिर महफिल जल्दी खत्म। पता चला कि रात 12 बजे किसी खास 'पार्टी' ने समय लिया है। खबर मिली है कि पार्टी के साथ एक भारी-भरकम 'सूटकेस' भी होगा। अब उस सूटकेस में क्या है, यह तो अंदर की बात है, लेकिन नेताजी के चेहरे की चमक बता रही थी कि मामला करोड़ों का है।
तारीख: 17 फरवरी - मद्यपान पर भाषण और 'कोटा' पूरा
आज नेताजी ने छक कर पी। उन्हें खाने में 'रिश्वत' और पीने में 'दारू' उतनी ही पसंद है, जितनी किसी एडिक्ट को ड्रग्स। उनका फलसफा बड़ा अजीब है—वे कहते हैं कि सुबह न पीना सुबह का अपमान है, इसलिए वे वक्त के साथ पक्षपात नहीं करते। लेकिन आज तो उन्होंने सुबह का कोटा भी रात को ही निपटा दिया। वजह पूछी तो बोले— "कल स्कूल में 'मद्यपान की बुराइयों' पर भाषण देना है, इसलिए आज ही बोतल खत्म करनी जरूरी है।"
आत्मकल्याण का 'दिव्य ज्ञान'
आज नेताजी ने मुझे अपना समझकर 'आत्मकल्याण' का असली अर्थ समझाया। उनके मुताबिक, आत्मकल्याण का मतलब जनता की सेवा नहीं, बल्कि खुद की तिजोरियां भरना है। उनके इस ज्ञान को सुनकर मेरे 'ज्ञानचक्षु' खुल गए कि राजनीति में सेवा का मुखौटा पहनकर मेवा कैसे खाया जाता है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
