भीलवाड़ा की ऐतिहासिक धरती पर गूंजा ‘सुपरनैचुरल हॉरर’ का साया — माखनचोर फिल्म्स की नई वेब सीरीज़ की शूटिंग पूरी

भीलवाड़ा। शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान एक बार फिर फिल्म निर्माण का केंद्र बनी। माखनचोर फिल्म्स के बैनर तले बन रही एक सुपरनैचुरल हॉरर वेब सीरीज़ की शूटिंग भीलवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में नवंबर और दिसंबर माह के दौरान सफलतापूर्वक पूरी की गई। इस वेब सीरीज़ के निर्देशक और लेखक क्रिश धनगर हैं।
करीब दो माह तक चले शूटिंग
शूटिंग भीलवाड़ा शहर सहित कई प्रमुख स्थानों पर की गई, जिनमें पांसल फोर्ट, सुवाणा के पास का क्षेत्र, हलेड़ गांव और मुख्य भीलवाड़ा शहर शामिल हैं। ऐतिहासिक किले, शांत गांव और रहस्यमयी वातावरण ने कहानी को एक अलग ही गहराई और वास्तविकता प्रदान की।
इस प्रोजेक्ट के लिए पूरी कास्ट मुंबई से भीलवाड़ा पहुंची। वेब सीरीज़ में मुख्य भूमिका में क्रिश धनगर और समृद्धि श्रीवास्तव नजर आएंगे। वहीं सहायक कलाकारों में अजय सिंह, यतीन्द्र पांचाल, सैम, नीति और श्रद्धा शामिल हैं। सभी कलाकारों ने स्थानीय लोकेशनों के साथ तालमेल बैठाकर अपने किरदारों को प्रभावशाली ढंग से निभाया।
सूत्रों के अनुसार यह वेब सीरीज़ एक सुपरनैचुरल हॉरर थ्रिलर है, जिसमें रहस्य, मनोवैज्ञानिक तनाव और अदृश्य शक्तियों का साया देखने को मिलेगा। हालांकि कहानी के मुख्य रहस्यों को अभी उजागर नहीं किया गया है, लेकिन इतना तय है कि यह प्रोजेक्ट दर्शकों को रोमांच और सस्पेंस से भर देगा।
निर्देशक क्रिश धनगर ने बताया कि भीलवाड़ा की ऐतिहासिक और प्राकृतिक लोकेशनों ने कहानी को जीवंत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शूटिंग के दौरान मिला समर्थन पूरी टीम के लिए प्रेरणादायक रहा।
फिलहाल वेब सीरीज़ पोस्ट-प्रोडक्शन चरण में है, जहां एडिटिंग, बैकग्राउंड म्यूजिक और सिनेमैटिक ट्रीटमेंट पर विशेष काम चल रहा है। माखनचोर फिल्म्स की यह प्रस्तुति जल्द ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ की जाएगी।
भीलवाड़ा की धरती पर बनी यह रहस्यमयी कहानी अब देशभर के दर्शकों को डर और रोमांच का नया अनुभव देने के लिए तैयार है।
