बोरवेल में गिरे किसान की दम घुटने से मौत

दौसा लालसोट में बोरवेल में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना बुधवार सुबह रामगढ़ पचवारा के राणौली गांव की है। रामनिवास मीना अपने खेत में बोरवेल खुदवा रहे थे। काम लगभग पूरा हो चुका था। इसी दौरान रामनिवास काम के लिए बोरवेल के पास गए, जहां अचानक मिट्टी ढह गई। मिट्टी ढहने से रामनिवास मीना बोरवेल की 20 फीट गहराई में गिर गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी हुई। जिसके बाद इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

बताया गया हे कि रामनिवास के खेत में लगे बोरवेल की गहराई 160 फीट है और उसमें बारिश का पानी जा रहा था। इसे रोकने के लिए रामनिवास बोरवेल की मिट्टी सही कर रहा था। खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई। हादसा सुबह करीब 11.30 बजे हुआ। रामनिवास को बाहर निकालने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगा। मृतक के भाई छाजूलाल मीना ने बताया कि रामनिवास को अचेत अवस्था में बाहर निकाला गया। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। भाई ने बताया कि रामनिवास के परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं।

Next Story