करण ने साथ आई महिला के सिर में गोली मारी बाद में खुद को भी गोली से उड़ाया, महिला घायल

कोटा । शुक्रवार देर रात शहर में मुकुंदरा वन विभाग के कार्यालय के पास किसी बात को लेकर साथ आई महिला को गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।गोली लगने से महिला घायल हो गई।सूचना मिलने पर आरके पुरम थाना पुलिस स्थल पर पहुंची वहीं घायल महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां पर उसका उपचार जारी है। मौके पर पुलिस को एक स्कूटी मिली है, जिस पर वकील का चिन्ह लगा हुआ है।
डीएसपी मनीष शर्मा का कहना है कि यह वारदात मुकुंदरा वन विभाग के कार्यालय के पास हुई, जहां पर महिला पूर्वा शर्मा युवक करण गुर्जर के साथ स्कूटी से पहुंची थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया, जिसके बाद करण ने पूर्वा के सिर में गोली मार दी, इससे पूर्वा नीचे गिरकर अचेत हो गई। इस दौरान करण ने समझा कि उसकी मौत हो गई है और करण ने खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद मौके पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। हालांकि दोनों के बीच किस बात को लेकर कहासुनी हुई थी, इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
सामने यह भी आया है कि मृतक करण महावीर नगर इलाके का निवासी है, जो कि आपराधिक प्रवृति का व्यक्ति है। इसके खिलाफ जिले में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। करण के पिता के भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि यह घटना कोटा से उदयपुर जा रहे एक युवक ने अपनी कार में बैठे हुए देखी थी। इसके बाद उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर काफी खून भी बिखरा हुआ था।
