नाथद्वारा में हादसा: चलते ट्रैक्टर पर गिरा बरगद का पेड़, ड्राइवर की मौके पर मौत"

नाथद्वारा में हादसा: चलते ट्रैक्टर पर गिरा बरगद का पेड़, ड्राइवर की मौके पर मौत
X


राजसमंद (राहुल)। नाथद्वारा शहर के गिरिराजपुरा क्षेत्र में शुक्रवार शाम बड़ा हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़ा एक पुराना बरगद का पेड़ अचानक गिर पड़ा और उसकी चपेट में एक ट्रैक्टर आ गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक भेरू गमेती (निवासी गुड़ला) ट्रैक्टर लेकर सीमेंट खाली कर गोदाम लौट रहा था। तभी गिरिराजपुरा में अचानक बरगद का पेड़ टूटकर गिर पड़ा और ट्रैक्टर को पूरी तरह दबा दिया। पेड़ के नीचे दबने से भेरू गमेती की वहीं मौत हो गई।

भेरू गमेती, गुंजोल स्थित कन्हैयालाल कुमावत के सीमेंट गोदाम में कार्य करता था और रोज की तरह शुक्रवार को भी काम निपटा कर लौट रहा था, लेकिन बीच रास्ते ही उसकी जिंदगी पर ब्रेक लग गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। भारी मशक्कत के बाद पेड़ को काटकर हटाया गया और शव को नाथद्वारा मॉर्च्युरी में रखवाया गया।

अचानक हुए इस हादसे से क्षेत्र में मातम पसर गया और लोगों में गहरा आक्रोश भी है कि जर्जर पेड़ों को समय रहते हटाया क्यों नहीं गया।


Next Story