हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

चूरू। रतनगढ़ कस्बे के रीको इंडस्ट्रियल एरिया में बीती रात एक हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में भीषण आग लगने से लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेज थी कि आसपास काम कर रहे मजदूरों को भी उसकी लपटें नजर आने लगीं।
जानकारी के अनुसार, आग ‘माकड़ आर्ट एंड हैंडीक्राफ्ट’ फैक्ट्री में देर रात अचानक भड़क उठी। पड़ोसी फैक्ट्रियों के कर्मचारियों ने धुआं और लपटें देख तुरंत रीको उद्योग व्यापार संघ के अध्यक्ष धन्नाराम सुथार को सूचना दी। श्री सुथार ने नगर पालिका और रीको फायर ब्रिगेड को अलर्ट करते हुए फैक्ट्री के मालिक मुरलीधर माकड़ को भी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में लकड़ी से बना तैयार व कच्चा माल रखा था, जो पूरी तरह जल गया। इस घटना में दो मशीनें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। शुरुआती अनुमान के अनुसार आगजनी से लाखों का नुकसान हुआ है।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है। फैक्ट्री परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में आग लगने और फैलने के दृश्य रिकॉर्ड हुए हैं, जो पुलिस व प्रशासन की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। घटना के समय फैक्ट्री में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे आग का पता देर से चल सका। हालांकि, राहत की बात है कि कोई जनहानि नहीं हुई।
गौरतलब है कि इससे पहले भी 1 नवंबर की रात इसी इंडस्ट्रियल एरिया में एक अन्य फैक्ट्री में भीषण आग लगी थी, जिसमें भारी नुकसान हुआ था। लगातार आग की घटनाओं ने रीको क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
