उदयपुर में प्राइवेट कंपनी की मैनेजर के साथ चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म

उदयपुर में प्राइवेट कंपनी की मैनेजर के साथ चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म
X



उदयपुर। शहर के सुखेर थाना क्षेत्र में एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक प्राइवेट कंपनी की महिला मैनेजर ने अपनी ही कंपनी के CEO, महिला एग्जीक्यूटिव हेड और उसके पति पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पीड़िता के अनुसार, 20 दिसंबर को कंपनी के CEO का जन्मदिन और नए साल की पार्टी एक होटल में आयोजित की गई थी। पार्टी देर रात तक चली और शराब का सेवन भी हुआ। रात करीब 1:45 बजे, महिला एग्जीक्यूटिव हेड ने उसे घर छोड़ने के बहाने अपनी कार में बैठाया। उस समय कार में पहले से ही CEO और महिला एग्जीक्यूटिव हेड का पति मौजूद थे।


पीड़िता का आरोप है कि रास्ते में उसे स्मोकिंग आइटम सेवन करने के लिए दिया गया, जिससे वह बेसुध हो गई। इसके बाद कथित तौर पर उसके साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म किया गया। सुबह करीब 5 बजे उसे घर छोड़ दिया गया।


पीड़िता ने कार के डैशकैम की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग जांची, जिसमें आरोपियों की कथित गतिविधियां रिकॉर्ड पाई गईं। इन साक्ष्यों को पुलिस को सौंपा गया है।


मामले की जांच महिला अपराध शाखा की एएसपी माधुरी वर्मा को सौंपी गई है। पुलिस ने कहा कि सभी पहलुओं की कानूनी जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीड़िता की सुरक्षा और गोपनीयता सुनिश्चित करने का भी आश्वासन दिया गया है।

Next Story