युवक को गोली लगने से सनसनी, हालत गंभीर होने पर अलवर रेफर

अलवर। जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में ग्राम कारोठ के पास देर शाम गोली चलने की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए राजगढ़ के सरकारी चिकित्सालय लाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अलवर के लिए रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना अधिकारी राजेश मीना पुलिस जाप्ते के साथ राजगढ़ चिकित्सालय पहुंचे और घायल युवक से जुड़ी पूरी जानकारी ली। पुलिस ने अस्पताल में मौजूद लोगों से भी घटना के संबंध में पूछताछ की।
ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक मीना गुप्ता ने बताया कि मेडिकल आउटडोर में एक आपातकालीन केस लाया गया था। घायल के दाएं पैर में लगातार खून बह रहा था और प्रारंभिक जांच में यह गोली लगने की चोट प्रतीत हो रही थी। घायल को तुरंत आवश्यक उपचार दिया गया, लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण उसे उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए अलवर रेफर किया गया।
घायल युवक की पहचान बूचपुरी निवासी रोहिताश पुत्र अर्जुनलाल मीणा के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गोली किस परिस्थिति में और किसके द्वारा चलाई गई।
फिलहाल पुलिस की टीम मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
