जनसुनवाई में सख्त हुए सीएम भजनलाल: अधिकारी के जवाब पर जताई नाराजगी, कहा कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी

जयपुर (हलचल)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आमजन की परिवेदनाओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर मामले का फॉलोअप सुनिश्चित करना होगा। जनसुनवाई के दौरान श्रम विभाग से जुड़ी एक शिकायत पर अधिकारी के टालमटोल वाले जवाब से मुख्यमंत्री नाराज हो गए। एक युवती की पीड़ा सुनने के बाद जब सीएम ने जिम्मेदारी तय करने को कहा तो अधिकारी द्वारा दूसरे बड़े अफसर का नाम लेने पर मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि पी रमेश क्यों है तुम क्या हो। उन्होंने निर्देश दिए कि इस मामले का निपटारा आज ही किया जाए। ज्ञात रहे कि आईएएस पी रमेश वर्तमान में श्रम विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से दो टूक कहा कि जो पात्र है उसे लाभ दें और जो योग्य नहीं है उसे तुरंत हटाएं। इस जनसुनवाई में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज श्रम कृषि गृह राजस्व जेडीए नगर निगम शिक्षा और चिकित्सा सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी सैकड़ों शिकायतें सुनी गई। मुख्यमंत्री ने कई प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया और जोर देकर कहा कि सरकार की नीतियों के केंद्र में लोककल्याण है। जनसेवा की भावना के अनुरूप कार्य न करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
ताजा न्यूज़ के लिए बने रहें 'भीलवाड़ा हलचल' न्यूज़ पोर्टल के साथ। अपने क्षेत्र की खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 सम्पर्क कार्यालय: भीलवाडा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाडा फोन: 7737741455
