पायरी गांव में श्री शिव पुराण कथा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, संतवाणी से हुआ आध्यात्मिक वातावरण

निंबाहेड़ा।
निंबाहेड़ा के समीपवर्ती ग्राम पायरी में इन दिनों प्रसिद्ध कथा वाचक श्री प्रहलाद कृष्ण महाराज के मुखारविंद से आयोजित श्री शिव पुराण कथा का भव्य एवं श्रद्धामय आयोजन चल रहा है। कथा के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था देखने को मिल रही है, जहां पायरी सहित आसपास के अनेक गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन पहुंचकर कथा श्रवण का लाभ ले रहे हैं।
बुधवार को आयोजन में पूर्व विधायक अशोक नवलखा, पूर्व जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, मेघराज जाट, नारायण बुनकर, रामलाल जाट सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने पूरे श्रद्धाभाव से श्री शिव पुराण कथा का श्रवण किया।
आयोजन समिति की ओर से किशन सिंह, कालू सिंह, राजू जाट, शंकर सिंह, भंवर जाट, नारायण सिंह, रमेश भील, विजेश दास सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का उपरना ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में पूर्व विधायक अशोक नवलखा ने कहा कि श्री शिव पुराण कथा जैसे धार्मिक आयोजन समाज में संस्कार, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। भगवान शिव की कथाएं जीवन को संयम, सेवा और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता मजबूत होती है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
कथा स्थल पर पूरे वातावरण में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया गया। श्रद्धालुओं ने “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ कथा का रसपान किया। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने की अपील की है।
