तेज रफ्तार कार का कहर, टोल प्लाजा पर कर्मचारी कुचले गए, एक की मौत पांच घायल

झुंझुनूं। सूरजगढ़ लोहारू स्टेट हाईवे पर रघुनाथपुरा टोल प्लाजा सोमवार देर रात दर्दनाक हादसे का गवाह बना, जब तेज रफ्तार से आई एक कार ने बैरिकेड्स तोड़ते हुए टोल बूथ के पास खड़ी कैंपर को टक्कर मार दी और पास में अलाव ताप रहे कर्मचारियों को चपेट में ले लिया। इस भीषण दुर्घटना में एक टोलकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद हाईवे पर चीख पुकार मच गई और अफरा तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब पौने बारह बजे सूरजगढ़ की ओर से आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई। वाहन पहले डिवाइडर से टकराया और उछलते हुए बंद पड़ी टोल लेन में जा घुसा। उसी समय कई टोलकर्मी ठंड से बचने के लिए अलाव ताप रहे थे। तेज रफ्तार के कारण किसी को संभलने का मौका नहीं मिला और कार ने कर्मचारियों को कुचलते हुए कैंपर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए।

हादसे के तुरंत बाद घायलों को एम्बुलेंस से सूरजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने श्यालू निवासी टोलकर्मी उम्मेद मेघवाल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल पवन राजपूत को झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज चिड़ावा अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में टोल प्लाजा पहुंच गए और मुआवजे की मांग को लेकर हाईवे पर जाम लगा दिया। स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत की। समझौते के बाद मृतक के परिवार को फास्टैग, मुख्यमंत्री सहायता कोष, आयुष्मान योजना, टोल कंपनी और जनप्रतिनिधियों की ओर से आर्थिक सहायता देने पर सहमति बनी, जिसके बाद जाम हटाया गया और यातायात बहाल किया गया।

Next Story