सड़क हादसे में दो भाइयों की दर्दनाक मौत, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

सवाईमाधोपुर। रवाजना चौड़ में एक निजी कॉलेज के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो भाइयों की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, कुस्तला और रवाजना चौड़ के बीच स्थित निजी कॉलेज के पास शनिवार रात करीब सात बजे यह हादसा हुआ।
विजय नगर बंदा निवासी रमेशचंद बैरवा (42) पुत्र हरफूल बैरवा और अशोक कुमार बैरवा (41) पुत्र बजरंग लाल बैरवा मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक तेज रफ्तार लग्जरी कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रमेशचंद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अशोक कुमार ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
रविवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, क्योंकि दोनों ही अपने-अपने परिवारों के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। गमगीन माहौल में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।
