ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या; शव नहर में फेंका

श्रीगंगानगर। नई मंडी घड़साना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है, साथ ही एक विधि से संघर्षरत किशोर को भी निरुद्ध किया गया है। आरोपियों ने हत्या को हादसे का रूप देने के लिए शव और मोटरसाइकिल को नहर में फेंक दिया था।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि 16 जनवरी को भजनलाल (35) के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी।

नहर में मिले शव से खुली साजिश

शनाख्त: 2 फरवरी को फलोदी के नोखा क्षेत्र में नहर से एक अज्ञात शव मिला, जिसकी पहचान भजनलाल के रूप में हुई।

जांच की कड़ियां: पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच उप निरीक्षक रामेश्वरलाल को सौंपी। तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स के आधार पर पुलिस को मृतक की पत्नी इन्द्रा देवी पर शक हुआ।

बरामदगी: टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद 465 हैड के पास नहर से मृतक की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि इन्द्रा देवी का अपने ही गांव के प्रभूदयाल (31) के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। भजनलाल को रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। गला घोंटकर हत्या करने के बाद आरोपियों ने शव को मोटरसाइकिल समेत नहर में बहा दिया ताकि मामला दुर्घटना या गुमशुदगी का लगे।

पुलिस टीम ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।

Next Story