उदयपुर में ऑटो और बाइक की भिड़ंत, तीन युवकों की दर्दनाक मौत

उदयपुर/ (बीएचएन)। उदयपुर जिले के कोटड़ा ब्लॉक स्थित मांडवा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों के चिराग बुझा दिए। कोदरमाल गांव के पास एक बाइक और ऑटो के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत में तीन बाइक सवार युवकों की जान चली गई।
दो की मौके पर मौत, तीसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे राहगीरों की मदद से तुरंत कोटड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया। हालांकि, उपचार के दौरान उसकी भी सांसे थम गईं। टक्कर के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और काफी देर तक ट्रैफिक जाम रहा।
एक मृतक की हुई पहचान, दो की शिनाख्त के प्रयास जारी
मांडवा थाना पुलिस ने बताया कि मृतकों में से एक की पहचान हर्ष (पुत्र मसरू गमार), निवासी धोलीनेहरी के रूप में हुई है। शेष दो मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। पुलिस उनके पास मिले मोबाइल फोन और दस्तावेजों के जरिए परिजनों से संपर्क करने और शिनाख्त की कोशिश में जुटी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही मांडवा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और तीनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
