परीक्षा हॉल से छात्र का 'अपहरण', स्कूल में घुसे बदमाशों ने बेरहमी से पीटा, लहूलुहान कर सड़क पर फेंका

बाड़मेर । सीमावर्ती बाड़मेर जिले के चौहटन उपखंड में सोमवार की सुबह शिक्षा के मंदिर में जो हुआ, उसने पूरे प्रदेश की कानून व्यवस्था और स्कूलों की सुरक्षा को तार-तार कर दिया। बीजराड़ थाना क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बोर्ड परीक्षा देने आए एक छात्र को बेखौफ बदमाशों ने परीक्षा केंद्र के भीतर से अगवा कर लिया और फिर मौत के घाट उतारने की नीयत से बेरहमी से मारपीट की।
परीक्षा शुरू होने के 5 मिनट बाद ही 'तांडव'
जानकारी के अनुसार, नियमित छात्र प्रकाश सोमवार सुबह करीब आठ बजे अपने भविष्य की परीक्षा देने स्कूल पहुंचा था। अभी परीक्षा शुरू हुए महज पांच मिनट ही हुए थे कि आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाश स्कूल परिसर में काल बनकर दाखिल हुए। केंद्राधीक्षक, शिक्षकों और वीक्षकों की मौजूदगी में बदमाश परीक्षा हॉल के बरामदे से छात्र प्रकाश को जबरन उठाकर ले गए। स्कूल स्टाफ मूकदर्शक बना रहा और बदमाश छात्र को गाड़ी में डालकर रफूचक्कर हो गए।
सुनसान जगह ले जाकर दी 'तालिबानी' सजा
प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के अनुसार, हमलावर छात्र को किसी अज्ञात सुनसान जगह पर ले गए। वहां उस पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला किया गया। जब छात्र लहूलुहान होकर अचेत हो गया, तो बदमाश उसे मरा हुआ समझकर सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। घटना का एक विचलित करने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बदमाश छात्र को घसीटते हुए ले जाते दिख रहे हैं।
बाड़मेर रेफर, सुरक्षा पर खड़े हुए बड़े सवाल
खून से लथपथ हालत में मिले छात्र को ग्रामीणों और परिजनों ने तुरंत चौहटन अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बाड़मेर रेफर कर दिया गया है। सूचना मिलते ही बीजराड़ पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। बोर्ड परीक्षा जैसे संवेदनशील समय में स्कूल के भीतर से छात्र का अपहरण होना सरकारी सुरक्षा दावों की पोल खोल रहा है। पुलिस फिलहाल फरार बदमाशों की तलाश में दबिश दे रही है।
