शादी की खुशियां मातम में बदली:: नैनवां के बैंक अधिकारी की कार पलटी, मां-बेटे की मौत, एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार

बूंदी । नियति का क्रूर खेल देखिए, जिस घर में अभी शहनाइयों की गूंज शांत भी नहीं हुई थी, वहां अब चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा है। जयपुर में चचेरे भाई की शादी की खुशियां मनाकर लौट रहे नैनवां निवासी बैंक अधिकारी नवीन सोनी का परिवार गुरुग्राम के पास सोहना हाईवे पर भीषण हादसे का शिकार हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में नवीन की पत्नी और 3 साल के मासूम बेटे की मौत हो गई, जबकि नवीन खुद आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।

हादसे ने उजाड़ दिया हंसता-खेलता परिवार

जानकारी के अनुसार, नैनवां निवासी नवीन सोनी (39) गुरुग्राम में एक बैंक में अधिकारी हैं। वे शनिवार को परिवार सहित जयपुर में अपने साले की शादी में शामिल होने आए थे। रविवार दोपहर को वे अपनी कार से पत्नी माधुरी (38), पुत्र कृशांश (8) और वियांश (3) के साथ वापस गुरुग्राम लौट रहे थे। गंतव्य से महज 12 किमी पहले सोहना के पास अचानक कार का टायर फट गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर फांदते हुए पलट गई।

अस्पताल में तोड़ा दम, बड़ा बेटा भी घायल

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने चारों घायलों को गुरुग्राम के अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान माधुरी और छोटे पुत्र वियांश ने दम तोड़ दिया। नवीन सोनी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है, जबकि बड़े पुत्र कृशांश का भी उपचार जारी है। जैसे ही हादसे की खबर नैनवां पहुंची, स्वर्णकार समाज सहित पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। व्यापारियों ने सम्मान में अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए।

एक ही चिता पर मां-बेटे का अंतिम सफर

सोमवार शाम जब मां-बेटे के शव नैनवां पहुंचे तो हर आंख नम हो गई। घर का मुखिया अस्पताल में संघर्ष कर रहा था और पीछे से पत्नी व मासूम बच्चे का शव घर पहुंचा। कलेजे को चीर देने वाले इस मंजर के बीच मां माधुरी और नन्हे वियांश का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। पीहर जयपुर में भी बहन और भांजे की मौत की खबर मिलते ही शादी की खुशियां गम में तब्दील हो गईं।

Next Story