करौली में मातम का तांडव: मेहमानबाजी पड़ी भारी,: ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को रौंदा, पिता-पुत्र और दामाद की दर्दनाक मौत

करौली । करौली के लपावली रोड पर रविवार की काली रात एक हंसते-खेलते परिवार के लिए काल बनकर आई। गढ़ी पनवेड़ा गांव के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे ने तीन जिंदगियां लील लीं। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार चार लोगों को ऐसी टक्कर मारी कि पिता, पुत्र और दामाद की मौके पर ही रूह फना हो गई।
ससुराल आया था दामाद, मौत खींच ले गई ढाबे पर
परिजनों के चीत्कार के बीच मिली जानकारी के अनुसार, मिल्कीपुरा निवासी धर्मेंद्र जाटव (22) की शादी एक साल पहले हुई थी और वह पहली बार अपने ससुराल अलीपुरा आया था। दामाद की मेहमानबाजी के लिए यशवेंद्र जाटव (30) अपने 12 वर्षीय पुत्र गौरव और भतीजे मुनीम के साथ पनवेड़ा स्थित एक ढाबे पर खाना खाने गए थे। किसे पता था कि यह उनकी आखिरी दावत होगी। देर रात लौटते समय मौत बनकर आए बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी खुशियों को सड़क पर बिखेर दिया।
एक साथ उठी पिता-पुत्र की अर्थी, रो पड़ा पूरा गांव
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और यशवेंद्र, मासूम गौरव व दामाद धर्मेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल मुनीम का अस्पताल में उपचार जारी है। सोमवार सुबह जब अलीपुरा गांव में पिता-पुत्र के शव एक साथ पहुंचे, तो पत्थर दिल इंसान की भी आंखें भर आईं। एक ही घर से उठी दो अर्थियों और दामाद की मौत की खबर ने दो गांवों में कोहराम मचा दिया।
चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद निर्दयी ट्रैक्टर चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर डीएसपी मुनेश कुमार मीणा और थाना प्रभारी पुरुषोत्तम लाल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है। इस हृदयविदारक घटना ने सड़क सुरक्षा के दावों की फिर से पोल खोल दी है।
