जोगणिया माता शक्तिपीठ में साहित्य और संस्कृति का अनूठा संगम, भव्य काव्य गोष्ठी संपन्न

चित्तौड़गढ़ हलचल। लिटरेचर फेस्टिवल 2026 के भव्य आयोजन के तहत श्री जोगणिया माता शक्तिपीठ प्रबंध एवं विकास संस्थान द्वारा बीती रात एक गरिमामय सांस्कृतिक संध्या एवं काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया।
निर्माणाधीन नवग्रह नक्षत्र वाटिका के आध्यात्मिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में धर्म, संस्कृति, पर्यावरण और साहित्य की त्रिवेणी बही, जिसमें देशभर से आए विद्वानों और साहित्यकारों ने अपने विचारों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
संस्थान के अध्यक्ष श्री सत्यनारायण जोशी ने स्वागत भाषण देते हुए शक्तिपीठ के गौरवशाली इतिहास और लोक कथाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार माँ जोगणिया की महिमा जन-जन में रची-बसी है। कार्यक्रम में पधारे अतिथियों का उपरणा ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। मंच का कुशल संचालन उदयपुर की सुप्रसिद्ध कवयित्री डॉ. शकुंतला सरूपरिया ने अपनी चिर-परिचित शैली में किया।
कला और साहित्य की जुगलबंदी:
सांस्कृतिक संध्या का आगाज जयपुर की तान्या जैन के मनमोहक कथक नृत्य से हुआ। इसके बाद सुश्री प्रियांशी ने 'मोहे छेड़ो नंदलाल' पर फागुन नृत्य और सुश्री भव्या जोशी ने राजस्थानी लोकगीत 'और रंग दे' पर शानदार प्रस्तुति दी। एस.के. इवेंट्स के लक्ष्मी लाल रावल द्वारा प्रस्तुत भवई नृत्य के हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों की सांसें थाम दीं।
देशभर के रचनाकारों ने जमाया रंग:
काव्य गोष्ठी में कोल्हापुर के डॉ. अर्जुन चव्हाण, नीमच के गजलकार प्रमोद रामावत, बिजनौर की डॉ. सारंगा देश ‘असीम’ और पीएमओ के मुख्य पत्रकार व कवि श्री किशन रतनानी ने अपनी रचनाओं से समां बांध दिया। साथ ही डॉ. राखी सिंह कटियार (वडोदरा), वंदना योगी, डॉ. वीना जोशी और अवधेश जौहरी ने गीत व गजलों की प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर साबलिया महादेव के महंत श्री राम मुनि जी महाराज, बेगू थानाप्रभारी कमलचंद मीणा, डॉ. सतीश शर्मा, रमेश गुर्जर, डॉ. श्यामबिहारी दिनकर, हरीश सोमपुरा और लेखाकार धनराज छीपा सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
