बाणगंगा नदी में डूबने से भाई-बहन समेत तीन बच्चों की मौत, मवेशी चराने के दौरान हुआ हादसा

बाणगंगा नदी में डूबने से भाई-बहन समेत तीन बच्चों की मौत, मवेशी चराने के दौरान हुआ हादसा
X

दौसा/सैंथल। राजस्थान के दौसा जिले में रविवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। सैंथल थाना इलाके के बापी गांव के पास बाणगंगा नदी में डूबने से तीन मासूम बच्चों की अकाल मृत्यु हो गई। मरने वालों में सगे भाई-बहन भी शामिल हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब बच्चे नदी किनारे मवेशी चराने गए थे।

पैर फिसलने से शुरू हुआ मौत का तांडव

जानकारी के अनुसार, जसोता गांव के रहने वाले पायल (13), उसका भाई श्यामसुंदर (15), अमित मीणा (11) और कोमल मीणा दोपहर करीब 2:45 बजे बाणगंगा नदी के पास मवेशी चरा रहे थे। नदी के गड्ढों में बरसाती पानी भरा हुआ था। अचानक पायल का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर गई। बहन को डूबता देख भाई श्यामसुंदर ने उसे बचाने के लिए छलांग लगा दी। जब दोनों डूबने लगे, तो उन्हें बचाने के प्रयास में अमित मीणा ने भी पानी में छलांग लगा दी।

कोमल की चीख-पुकार भी न बचा सकी जान

साथ मौजूद चौथी बच्ची कोमल मीणा तीनों को डूबता देख बदहवास होकर गांव की तरफ मदद के लिए दौड़ी। जब तक वह परिजनों और ग्रामीणों को लेकर मौके पर पहुंची, तब तक तीनों बच्चे गहरे पानी में समा चुके थे। सूचना मिलते ही सैंथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद तीनों के शवों को बाहर निकाला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गांव में पसरा सन्नाटा

सैंथल थाना प्रभारी रविन्द्र चौधरी ने बताया कि मृतकों की पहचान पायल जायसवाल, श्यामसुंदर जायसवाल और अमित मीणा के रूप में हुई है। एक ही गांव के तीन बच्चों और एक ही परिवार के दो चिराग बुझने से जसोता गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज़ पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455


Next Story