टोंक: मजदूर को बाथरूम में बंद कर जिंदा जलाने वाला इमाम गिरफ्तार, जयपुर में उपचार के दौरान पीड़ित ने तोड़ा दम

मालपुरा । टोंक जिले के कलमंडा गांव में मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली एक जघन्य घटना सामने आई है। यहाँ मामूली कहासुनी के बाद एक मस्जिद के इमाम ने एक मजदूर पर पेट्रोल छिड़ककर उसे बाथरूम में बंद कर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे मजदूर हकीम पीनारा ने शुक्रवार को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी हाफिज अब्दुल रशीद को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस उप अधीक्षक आशीष प्रजापत ने बताया कि आरोपी हाफिज अब्दुल रशीद, जो मूलतः जोधपुर जिले के बिलाड़ा का निवासी है, घटना के बाद अपनी मोटरसाइकिल लेकर गांव से फरार हो गया था।
बाथरूम में बंद कर लगा दी आग
पूरी घटना टोंक जिले के मालपुरा उपखंड के कलमंडा गांव की है। बताया जा रहा है कि मजदूर हकीम पीनारा और इमाम हाफिज अब्दुल रशीद के बीच किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी। विवाद इतना बढ़ा कि इमाम ने तैश में आकर हकीम पर पेट्रोल छिड़क दिया और उसे बाथरूम में धकेल कर कुंडी लगा दी, फिर उसे जिंदा जला दिया।
फरार आरोपी पाली जिले से दबोचा गया
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही थीं। मालपुरा DST टीम के हेड कांस्टेबल नारायण और डिग्गी थाना पुलिस की एक संयुक्त टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना पर आरोपी को पाली जिले के सोजत के निकट से हिरासत में लिया।
इलाज के दौरान मौत से गांव में तनाव
गंभीर हालत में झुलसे हकीम पीनारा को जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक और रोष की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455।
bhilwarahalchal.com
