चित्तौड़गढ़: गणगौर पूजन को जाती महिला से चैन लूटने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार, कोटा का हिस्ट्रीशीटर चढ़ा पुलिस के हत्थे


चित्तौड़गढ़। शहर के मध्य दिनदहाड़े गणगौर पूजन के लिए जा रही महिला के गले से सोने की चैन झपटने के मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कोटा के एक शातिर चैन स्नैचर को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर शहर में दहशत फैला रखी थी।

आयकर विभाग कार्यालय के बाहर हुई थी वारदात

पुलिस के अनुसार, गत 19 मार्च को एक महिला अपनी देवरानी के साथ स्कूटी पर सवार होकर अग्रसेन मांगलिक भवन, गांधीनगर में गणगौर पूजन हेतु जा रही थी। इसी दौरान आयकर विभाग कार्यालय के समीप मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चैन तोड़ ली और फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन में थानाधिकारी तुलसीराम की विशेष टीम गठित की गई।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, आरोपी शाहरूख गिरफ्तार

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर संदिग्ध शाहरुख उर्फ दाढ़ी पठान (निवासी उनियारा, टोंक हाल अनंतपुरा, कोटा) को डिटेन किया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने दो साथियों इम्तियाज और सलमान (निवासी कोटा) के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

एक ही दिन में दो वारदातों का खुलासा, लंबा है आपराधिक इतिहास

पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने उसी दिन हजारेश्वर महादेव मंदिर के पास एक अन्य महिला से भी चैन छीनी थी, जिसकी रिपोर्ट अभी दर्ज नहीं हुई है। गिरफ्तार आरोपी शाहरुख का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है; उस पर हत्या का प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट के करीब 15 मामले दर्ज हैं। वह महज 4 माह पूर्व ही अजमेर जेल से छूटा था और नशे का आदी है।

Next Story