काले हिरण के शिकार और शिव पुराण की कथा का अद्भुत संगम: शिल्पग्राम में नाटक 'वृतराज' का शानदार मंचन

काले हिरण के शिकार और शिव पुराण की कथा का अद्भुत संगम: शिल्पग्राम में नाटक वृतराज का शानदार मंचन
X


उदयपुर। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र की मासिक नाट्य योजना 'रंगशाला' के तहत रविवार को शिल्पग्राम स्थित दर्पण सभागार में नाटक 'वृतराज' का भव्य मंचन हुआ। जयपुर की वीणापाणि कला मंदिर संस्था द्वारा प्रस्तुत इस नाटक में शिव पुराण की पौराणिक कथा को आधुनिक काले हिरण के शिकार की घटना से जोड़कर परोपकार और त्याग का गहरा संदेश दिया गया। दर्शकों से खचाखच भरे सभागार में इस प्रभावशाली प्रस्तुति को खूब सराहा गया।





पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक डॉ. अश्विन एम. दलवी ने बताया कि राजस्थान के प्रसिद्ध लोक नाट्य 'जयपुर तमाशा' शैली पर आधारित इस नाटक का लेखन प्रसिद्ध तमाशा गुरु वासुदेव भट्ट ने और निर्देशन विशाल भट्ट ने किया। नाटक शिव पुराण की कोटिरूद्र संहिता के 40वें अध्याय पर आधारित था। कहानी में दिखाया गया कि कैसे काले हिरण के शिकार के एक हाई-प्रोफाइल मामले में अपराधी की अंतरात्मा उसे झकझोरती है। उसे याद दिलाया जाता है कि पिछले जन्म में वह एक भील शिकारी था, जिसने भूखे परिवार के लिए शिकार पर निकलने के बावजूद एक हिरण परिवार की परोपकार भावना देखकर उन्हें जीवनदान दे दिया था। इस दौरान अनजाने में पेड़ से बील पत्र और जल गिरने से उसकी शिव आराधना हो जाती है, जिससे प्रसन्न होकर भगवान शिव उसे वरदान देते हैं। आधुनिक शिकारी को जब अपनी अंतरात्मा से यह पता चलता है, तो उसे भारी पश्चाताप होता है और वह आइंदा शिकार न करने का प्रण लेता है। भगवान शंकर यह संदेश देते हैं कि जिसके मन में निरीह प्राणियों के प्रति दया है, उसी में शिव का वास है और वही सच्चा 'वृतराज' है।

इस मनमोहक प्रस्तुति में झिलमिल भट्ट (भील शिकारी), अभिषेक झाँकल (आधुनिक शिकारी), डॉ. सौरभ भट्ट (भगवान शंकर), सरगम भट्ट, अभिनय भट्ट, अखिल चौधरी, अनीस कुरैशी, पाखी भट्ट, विशाल भट्ट और नवीन टेलर ने शानदार अभिनय किया। नाटक में संगीत डॉ. सौरभ भट्ट और शैलेन्द्र शर्मा ने दिया। इस अवसर पर केंद्र के उपनिदेशक पवन अमरावत, अधीक्षण अभियंता सी.एल. सालवी सहित कई अधिकारी और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दुर्गेश चांदवानी ने किया।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455

Next Story