फर्जी नौकरी गिरोह का भंडाफोड़: सैकड़ों युवाओं से करोड़ों की ठगी करने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार

फर्जी नौकरी गिरोह का भंडाफोड़: सैकड़ों युवाओं से करोड़ों की ठगी करने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार
X


जालोर। कोतवाली पुलिस ने युवाओं को सरकारी नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपए की चपत लगाने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी खुद को जयपुर नगर निगम और स्वायत्त शासन विभाग (DLB) का अधिकारी बताकर जालोर, पाली और सिरोही के भोले-भाले युवाओं को अपना शिकार बनाता था।

ईमेल से भेजता था फर्जी जॉइनिंग लेटर

आरोपी राकेश जीनगर पिछले चार साल से ठगी का यह काला कारोबार चला रहा था। वह युवाओं से नौकरी के नाम पर 3 लाख से लेकर 10 लाख रुपए तक वसूलता था। विश्वास जीतने के लिए वह ईमेल के जरिए फर्जी नियुक्ति पत्र (जॉइनिंग लेटर) भेजता था और उन्हें शहरी आजीविका केंद्र जैसे सरकारी परिसरों में बैठाकर नौकरी का भरोसा दिलाता था।

डेढ़ साल तक बिना वेतन कराया काम

ठगी की शिकार हुई हरियाली निवासी मुकेश, रणछोड़ और रितिक ने 27 मार्च को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ितों ने बताया कि आरोपी ने उनसे लाखों रुपए ऐंठने के बाद जयपुर नगर निगम के नाम का फर्जी लेटर थमा दिया। हद तो तब हो गई जब उन्हें जालोर के लालपोल स्थित शहरी आजीविका केंद्र में करीब डेढ़ साल तक ड्यूटी पर बैठाए रखा गया, लेकिन इस दौरान उन्हें न तो कोई काम दिया गया और न ही वेतन मिला।

पाली का निवासी, जालोर में फैलाया जाल

गिरफ्तार आरोपी राकेश जीनगर मूल रूप से पाली जिले के तखतगढ़ का निवासी है। उसने जालोर के रतनपुरा रोड स्थित शकर वाटिका के पास अपना ठिकाना बना रखा था। वह खुद को शहरी आजीविका केंद्र का योजना प्रभारी बताकर रुतबा झाड़ता था ताकि युवाओं को उस पर संदेह न हो। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ठगी की कुल राशि का पता लगाया जा सके।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Next Story