मॉ वाउचर योजना के तहत द्वितीय व तृतीय तिमाही वाली गर्भवती को निशुल्क सोनोग्राफी करवाने के लिए दिए जाएंगे कूपन

सीकर । स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरूवार 9 अप्रैल को जिले के चिकित्सालयों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाया जाएगा। चिकित्सकों द्वारा गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच कर उनको गर्भावस्था में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक महरिया ने बताया कि गर्भावस्था व प्रसव के दौरान जोखिम को कम करने के लिए विभाग की ओर से प्रत्येक माह की 9, 18 व 27 तारीख को जिले के सभी सरकारी चिकित्सालयों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाया जाता है। जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में गर्भवती महिलाओं को शिशु स्वस्थ हो और प्रसव के दौरान होने वाले जोखिम के बारे में जानकारी दी जाती है।
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विशाल सिंह ने बताया कि चिकित्सालयों में गर्भवती की हिमोग्लोबिन, एचआईवी, सिफलिस, ब्लड प्रेशर, तापमान की जांच, हृदय स्पंदन व प्रसव से संबंधित जटिलताओं की जांच की जाएगी। साथ विभाग के पीसीटीएस सॉफ्टवेयर में पंजीकृत गर्भवती महिलाओं की एलएमपी तारीख के अनुसार द्वितीय या तीसरी तिमाही वाली महिलाओं को सोनोग्राफी कराने के लिए मॉ वाउचर योजना के तहत कूपन दिए जाएंगे, ताकि कूपन के माध्यम से गर्भवती महिला विभाग के अधिकृत किसी भी निजी सोनोग्राफी सेंटर पर अपनी सोनोग्राफी निःशुल्क करवा सके।
