पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र योजना के अंतर्गत जागरूकता सप्ताह कार्यक्रम आयोजित

सीकर, । सीकर में पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र योजना के अंतर्गत जागरूकता सप्ताह के तहत बुधवार को महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक राजेंद्र कुमार चौधरी के निर्देशानुसार गुलाबी देवी बिद्वावतजीका कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सीकर में बालिकाओं की सुरक्षा, विधिक जागरूकता एवं डिजिटल सुरक्षा विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की प्रिंसिपल त्रिपुरा के समन्वय में किया गया।

कार्यक्रम में केंद्र प्रबंधक नीलम कुमारी एवं रिचा पारीक ने बढ़ते साइबर अपराधों के संदर्भ में डिजिटल सुरक्षा पर विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आजकल साइबर अपराधी एआई तकनीक का दुरुपयोग कर ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे माध्यमों से लोगों को डराकर पैसे ठग रहे हैं। उन्होंने बताया कि यूपीआई एवं नेट बैंकिंग के माध्यम से बड़े स्तर पर धोखाधड़ी हो रही है, जिसमें अपराधी भरोसेमंद व्यक्ति को निशाना बनाकर व्यक्तिगत डेटा लॉक कर धन की मांग करते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा www.cybercrime.gov.in

पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने, समय-समय पर पासवर्ड बदलने, अनजान व्यक्तियों से डेटा साझा नहीं करने एवं संदिग्ध वीडियो कॉल से बचने की सलाह दी गई।

इस अवसर पर एडवोकेट अनुराग शर्मा ने बालिकाओं की सुरक्षा से संबंधित विभिन्न कानूनों की जानकारी देते हुए बताया कि पॉक्सो अधिनियम 2012 के तहत नाबालिगों के विरुद्ध यौन अपराधों पर कड़ी सजा का प्रावधान है। उन्होंने शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के तहत 6 से 14 वर्ष तक की बालिकाओं के लिए निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा के अधिकार की जानकारी दी। साथ ही भारतीय दंड संहिता की धारा 376 सहित छेड़छाड़, पीछा करने जैसे अपराधों पर सख्त प्रावधानों एवं बाल श्रम अधिनियम 1986 के बारे में भी विस्तार से बताया।

चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से राकेश चिरानिया एवं ममता सैनी की टीम द्वारा बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बाल विवाह रोकथाम के लिए उपस्थित बालिकाओं को शपथ दिलाई गई। महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र से राजेश कुमारी ने वन स्टॉप सेंटर एवं महिला सुरक्षा सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबर साझा किए। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रही।

Next Story